IPL 2025: मुंबई इंडियंस की स्क्वॉड में बड़ा बदलाव, विग्नेश पुथुर की जगह इस लेग स्पिनर को टीम में किया शामिल
आईपीएल 2025 में जबरदस्त फॉर्म में चल रही मुंबई इंडियंस ने अपने स्क्वॉड में एक बड़ा बदलाव किया है। चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हुए स्पिनर विग्नेश पुथुर की जगह फ्रेंचाइज़ी ने राइट-आर्म लेग स्पिनर रघु शर्मा को टीम में शामिल किया है। रघु को बेस प्राइस 30 लाख में साइन किया गया है। यह उनका पहला आईपीएल सीजन होगा।
विग्नेश पुथुर का छोटा लेकिन असरदार सफर
केरल टी20 लीग से सीधे आईपीएल में आए विग्नेश ने पहले ही मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 3 विकेट लेकर सबका ध्यान खींचा था। उन्होंने ऋतुराज गायकवाड़, शिवम दुबे और दीपक हुड्डा को पवेलियन भेजा था। पांच मैचों में कुल छह विकेट लेने के बाद वह चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए। विग्नेश, जो पहले एमआई केप टाउन के नेट बॉलर रहे हैं, को रशीद खान के साथ ट्रेनिंग करने का भी मौका मिला था।

रघु शर्मा- पंजाब का स्पिन स्टार
11 मार्च 1993 को जालंधर (पंजाब) में जन्मे रघु शर्मा एक अनुभवी लेग स्पिनर हैं। उन्होंने पंजाब और पुदुचेरी की ओर से घरेलू क्रिकेट खेला है। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके नाम 11 मैचों में 57 विकेट हैं, जिसमें 7/56 का बेस्ट प्रदर्शन शामिल है।
सीमित ओवर फॉर्मेट में भी मजबूत रिकॉर्ड
लिस्ट ए क्रिकेट में रघु ने 9 मैचों में 14 विकेट चटकाए हैं और उनका बेस्ट 4/37 रहा है। टी20 में अब तक उन्हें सिर्फ 3 मुकाबले खेलने का मौका मिला है, जिसमें उन्होंने 3 विकेट लिए हैं। हालांकि आईपीएल का मंच उनके करियर के लिए एक बड़ा ब्रेकथ्रू साबित हो सकता है।
मुंबई इंडियंस की लगातार पांचवीं जीत और टॉप-3 में जगह पक्की
आईपीएल 2025 की शुरुआत में संघर्ष करने के बाद अब मुंबई इंडियंस ने शानदार वापसी की है। टीम ने लगातार पांच मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में टॉप-3 में अपनी जगह पक्की कर ली है। ऐसे में रघु शर्मा जैसे गेंदबाज़ का जुड़ना टीम को और गहराई देगा।
मुंबई इंडियंस का इतिहास रहा है कि उन्होंने हमेशा युवा और कम पहचाने गए खिलाड़ियों पर दांव खेला है। और उनसे चमत्कारी प्रदर्शन भी करवाया है। रघु शर्मा के पास भी अब खुद को साबित करने का यही मौका है, खासकर तब जब टीम प्लेऑफ की रेस में मज़बूती से आगे बढ़ रही है।












Click it and Unblock the Notifications