विराट और रोहित के सपोर्ट में आए आर अश्विन, कहा- हम ICC ट्रॉफी जरूर जीतेंगे, थोड़ा धैर्य रखें फैंस
आर अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो जारी कर कहा है कि फैंस थोड़ा धैर्य रखें। हम आईसीसी ट्रॉफी जरूर जीतेंगे और ऐसा करने के लिए हमें इन दोनों खिलाड़ियों को समय देना चाहिए।
भारतीय क्रिकेट टीम 9 साल से कोई भी आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीत पाई है। भारत ने आखिरी आईसीसी ट्रॉफी धोनी की कप्तानी में ही जीती थी। धोनी के बाद विराट कोहली लंबे समय तक टीम के कप्तान रहे हैं, लेकिन उनके कार्यकाल में भी भारत आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीत पाया और अब विराट के बाद रोहित शर्मा टीम के कप्तान हैं, जो आईसीसी ट्रॉफी जीतने का एक मौका गंवा चुके हैं। ऐसे में क्रिकेट फैंस समय-समय पर इस कमी को लेकर रोहित-विराट की आलोचना करते रहते हैं। इस बीच भारतीय टीम के दिग्गज स्पिनर आर अश्विन रोहित-विराट के बचाव में आए हैं। उन्होंने फैंस से संयम रखने के लिए कहा है।

अश्विन ने दिया सचिन का उदाहरण
आर अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो जारी कर कहा है कि फैंस इस मामले में धैर्य रखें, हम आईसीसी ट्रॉफी जरूर जीतेंगे और ऐसा करने के लिए हमें इन दोनों खिलाड़ियों को समय देना चाहिए। अश्विन ने सचिन तेंदुलकर का उदाहरण देते हुए कहा है कि दुनिया के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का भी आईसीसी ट्रॉफी उठाने सपना 6 विश्व कप के बाद पूरा हुआ था। बता दें कि भारत ने 2011 विश्व कप में जीत दर्ज की थी। उस वक्त सचिन तेंदुलकर टीम का हिस्सा थे। भारत ने वो ट्रॉफी भी धोनी की कप्तानी में ही जीती थी।

2013 में भारत ने जीती थी आखिरी आईसीसी ट्रॉफी
2011 विश्व कप के बाद भारत ने 2013 में फिर से आईसीसी की ट्ऱॉफी पर कब्जा किया था। 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत ने इंग्लैंड को हराकर यह खिताब जीता था। उस वक्त भी धोनी ही टीम के कप्तान थे। चैंपियंस ट्रॉफी के बाद से भारत किसी भी आईसीसी इवेंट में चैंपियन नहीं बना है। 2022 टी20 वर्ल्ड कप में भारत के पास ट्रॉफी जीतने का सुनहरा मौका था, लेकिन टीम सेमीफाइनल में इंग्लैंड के हाथों हार गई थी। अब भारत के पास अगला मौका इसी साल होने वाला वनडे विश्व कप है, जिसकी मेजबानी भी भारत के पास है।

क्या कहा है अश्विन ने ?
आर अश्विन ने फैंस से आग्रह किया है कि कोहली और रोहित को थोड़ा और समय दिया जाए। अश्विन ने कहा है कि 2007 के टी20 वर्ल्ड कप में रोहित और विराट नहीं खेले थे। रोहित शर्मा 2011 वर्ल्ड कप में भी नहीं खेल पाए थे। सिर्फ कोहली 2011, 2015, 2019 में खेले थे और अब वह 2023 में अपना चौथा वर्ल्ड कप खेलेंगे। अश्विन ने कहा कि फैंस कहते हैं कि विराट और रोहित ने आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीती है, लेकिन कोहली ने 2011 विश्व कप जीता था, विराट ने 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी जीती। रोहित शर्मा ने भी 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी, इसलिए उन दोनों को थोड़ा समय ही दिया जाना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications