'अरे, मुझे छोड़ दो यार', CSK छोड़ने की अफवाहों पर बोले आर अश्विन, जानिए आखिर क्या कहा?
IPL 2026, R Ashwin On CSK: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने हाल ही में उन खबरों पर प्रतिक्रिया दी है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि वे फ्रेंचाइज़ी छोड़कर राजस्थान रॉयल्स (RR) में लौट सकते हैं। आईपीएल 2025 में 9.75 करोड़ रुपये में CSK से जुड़े अश्विन ने साफ कहा कि उन्हें सिर्फ फ्रेंचाइज़ी से स्पष्ट जानकारी (क्लैरिटी) चाहिए।
अश्विन ने चेन्नई को लेकर कही यह बात (IPL 2026, R Ashwin On CSK)
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर बताया कि जब वे राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते थे तो हर साल सीज़न खत्म होने के बाद फ्रेंचाइज़ी के सीईओ की तरफ से परफॉर्मेंस रिव्यू का मेल आता था। जिसमें बताया जाता था कि अगले साल के लिए कॉन्ट्रैक्ट रिन्यू होगा या नहीं। उन्होंने कहा कि हर खिलाड़ी को यह पता होना चाहिए कि टीम उसके साथ क्या प्लान कर रही है। अगर किसी खिलाड़ी पर चर्चा हो रही है तो उसे भी जानकारी दी जानी चाहिए। मेरे केस में मैंने बस यही क्लैरिटी मांगी है।

संजू सैमसन को ट्रेड कर सकती है चेन्नई
हाल ही में खबरें आई थीं कि CSK, राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन को लाने की कोशिश कर रही है, जिसके लिए अश्विन समेत कुछ खिलाड़ियों का ट्रेड हो सकता है। इस पर अश्विन ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई अंदरूनी जानकारी नहीं है, क्योंकि वे CSK अकादमी से भी जुड़े हैं और इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। उन्होंने ट्रेड प्रक्रिया को समझाते हुए कहा कि अगर CSK को 18 करोड़ के खिलाड़ी चाहिए तो उतनी रकम के खिलाड़ियों को रिलीज़ या ट्रेड करना पड़ेगा।
आईपीएल 2025 रहा निराशाजनक
जब उनसे पूछा गया कि फैंस उन्हें अगले सीज़न में कहां खेलते देखना चाहेंगे तो उन्होंने हंसते हुए कहा कि अरे, मुझे छोड़ दो यार। मुझे खुश रहने दो। आईपीएल 2025 में CSK के लिए अश्विन का प्रदर्शन साधारण रहा। उन्होंने 9 मैचों में 7 विकेट लिए, औसत 40.42 और इकोनॉमी 9.12 रही। बल्लेबाजी में उन्हें 4 पारियों का मौका मिला, जिसमें उन्होंने 33 रन बनाए।
राजस्थान रॉयल्स में अपने तीन सीज़न के दौरान अश्विन ने 45 मैच खेले, 35 विकेट लिए और 344 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 132.30 था और उन्होंने एक अर्धशतक भी जमाया। गेंदबाजी में उनका इकोनॉमी रेट काबिले तारीफ रहा।












Click it and Unblock the Notifications