रिटायरमेंट छोड़ वापस लौटे क्विंटन डी कॉक, दक्षिण अफ्रीका की टीम में शामिल, पाकिस्तान की उड़ाएंगे धज्जियां
Quinton de Kock: दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने बड़ा निर्णय लिया है। क्विंटन डी कॉक ने वनडे क्रिकेट से लिया गया अपना संन्यास वापस ले लिया है। उन्हें पाकिस्तान दौरे के लिए दक्षिण अफ्रीका की वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय दोनों टीमों में शामिल किया गया है। इससे पहले वह नामीबिया में होने वाले एकमात्र टी20 मुकाबले में भी टीम का हिस्सा होंगे।
साल 2023 में हुए एकदिवसीय वर्ल्ड कप के बाद डी कॉक ने इस फॉर्मेट को अलविदा कह दिया था। इसके बाद पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप में फाइनल मैच के बाद वह टी20 मुकाबला नहीं खेले थे, उनको टीम में भी शामिल नहीं किया गया। इस फॉर्मेट में उनकी तरफ से रिटायरमेंट को लेकर कोई घोषणा नहीं की गई थी।

डी कॉक दुनिया भर की टी20 लीग्स में खेलते रहे हैं, कैरेबियन प्रीमियर लीग में भी वह खेल रहे थे। ESPNCricinfo के अनुसार दक्षिण अफ्रीका के मौजूदा मुख्य कोच शुकरी कॉनराड ने बताया कि उन्होंने क्विंटन डी कॉक से बातचीत की है, और डी कॉक ने एक बार फिर राष्ट्रीय टीम के लिए खेलने की प्रतिबद्धता जताई है।
उन्होंने कहा "क्विंटन की सफेद गेंद क्रिकेट में वापसी हमारे लिए एक बड़ा सकारात्मक कदम है। जब पिछले महीने उनसे भविष्य को लेकर बातचीत हुई, तो यह साफ था कि वह अब भी अपने देश का प्रतिनिधित्व करने की प्रबल इच्छा रखते हैं। सभी जानते हैं कि वह टीम में कितनी क्वालिटी लेकर आते हैं और उनकी वापसी से टीम को फायदा होगा।"
रिटायरमेंट पर डी कॉक ने क्या कहा
जब एकदिवसीय क्रिकेट से डी कॉक ने रिटायरमेंट लिया था, तब कहा था कि शायद वह संन्यास से वापस आकर खेलने के लिए मान जाएं। अब कुछ वही होता नजर आ रहा है। दक्षिण अफ्रीका को उनकी वापसी से फायदा तो निश्चित तौर पर होगा।
कैसा है डी कॉक का वनडे करियर
क्विंटन डी कॉक ने 155 वनडे मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 6770 रन बनाए हैं, उनका औसत 45.74 और स्ट्राइक रेट 96.64 है। वहीं, 92 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उन्होंने 2584 रन बनाए हैं, जिनका स्ट्राइक रेट 138.32 है।
दक्षिण अफ्रीका की टीम
टी20 टीम बनाम पाकिस्तान: डेविड मिलर (कप्तान), कॉर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, नांद्रे बर्गर, जेराल्ड कोएत्ज़ी, क्विंटन डी कॉक, डोनोवन फरेरा, रीज़ा हेंड्रिक्स, जॉर्ज लिंडे, क्वेना माफाका, लुंगी एन्गीदी, नकाबा पीटर, लुआन-द्रे प्रिटोरियस, एंडिले सिमेलेन, लिज़ाड विलियम्स
वनडे टीम बनाम पाकिस्तान: मैथ्यू ब्रेट्ज़के (कप्तान), कॉर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, नांद्रे बर्गर, जेराल्ड कोएत्ज़ी, क्विंटन डी कॉक, टोनी डी जोर्जी, डोनोवन फरेरा, ब्योर्न फॉर्च्यून, जॉर्ज लिंडे, क्वेना माफाका, लुंगी एन्गीदी, नकाबा पीटर, लुआन-द्रे प्रिटोरियस, सिनेथेम्बा केशिले
टी20 टीम बनाम नामीबिया: डोनोवन फरेरा (कप्तान), नांद्रे बर्गर, जेराल्ड कोएत्ज़ी, क्विंटन डी कॉक, ब्योर्न फॉर्च्यून, रीज़ा हेंड्रिक्स, रुबिन हरमैन, क्वेना माफाका, रिवाल्डो मूनसामी, नकाबा पीटर, लुआन-द्रे प्रिटोरियस, एंडिले सिमेलेन, जेसन स्मिथ, लिज़ाड विलियम्स












Click it and Unblock the Notifications