शाहीन अफरीदी ने कराया लाहौर को मस्त कलंदर, PSL फाइनल में टूटा मोहम्मद रिजवान का दिल- VIDEO
PSL Final में मुल्तान सुल्तान के कप्तान मोहम्मद रिजवान का दिल तब टूट गया जब शाहीन अफरीदी की लाहौर कलंदर ने उनको सिर्फ एक रनों से हरा दिया।

पाकिस्तान सुपर लीग 2023 के फाइनल में शाहीन शाह अफरीदी ने आगे बढ़कर लीड करते हुए लाहौर कलंदर की टीम को खिताब जीता दिया और मोहम्मद रिजवान की मुल्तान सुल्तान को लाहौर में हुए इस मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। गद्दाफी स्टेडियम में तब रोमांच चरम पर पहुंच गया जब मुकाबला अपने अंतिम ओवर में पहुंचा। इस तरह से लाहौर की टीम पाकिस्तान सुपर लीग के इतिहास में अपना खिताब रिटेन करने वाली पहली टीम बन गई है। मुल्तान सुल्तान को अंतिम गेंद तक चले मुकाबले में निश्चित तौर पर दिल तोड़ने वाली 1 रनों की हार मिली।
मुल्तान की टीम को अंतिम गेंद पर जीत के लिए चार रनों की दरकार थी लेकिन शाहीन अफरीदी ने डेविड वीज के साथ मिलकर खुशदिल शाह को रन आउट कर दिया। इसके बाद मुल्तान के कप्तान मोहम्मद रिजवान इमोशनली टूट गए। इस मुकाबले में लाहौर कलंदर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 200 रनों का बड़ा स्कोर बनाया था। मुकाबले में सबसे तूफानी पारी अप्रत्याशित तौर पर शाहीन अफरीदी ने ही खेली जिन्होंने 15 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाए। शफीक ने भी 40 गेंदों पर 65 रनों पारी खेली।
अफरीदी यही नहीं रुके क्योंकि उन्होंने गेंद से भी सर्वाधिक चार विकटे चटकाए लेकिन ये विकेट रनों की कीमत पर आए। शाहीन अफरीदी ने 4 ओवर में 51 रन खर्च किए। यहां राशिद खान ने भी चार ओवर में 2 विकेट केवल 26 रन देकर लिए। हालांकि टारगेट का पीछा करते हुए मुल्तान सुल्तान काफी करीब आ गई थी। इस दौरान पोलार्ड ने 19, टिम डेविड ने 20, रिजवान ने 23 गेंदों पर 34 रनों की पारी खेली। लेकिन असली पारी रिले रोसोव ने खेली 32 गेंदों पर 34 रन बनाए। अंतिम क्षणों में अब्बास अफरीदी ने 6 गेंदों पर 17 रनों की पारी खेली।
वीडियो में देख सकते हैं कैसे मोहम्मद रिजवान को एक दिल तोड़ने वाले अनुभव का सामना करना पड़ा। ये बहुत ही करीबी मामला था।
अफरीदी ने मैच के बाद कहा, "दूसरी बार फाइनल में पहुंचना और फिर से जीतना एक शानदार अहसास है। हमें कंफर्टेबल रखने के लिए पूरी टीम और कोचिंग स्टाफ को श्रेय जाता है। मुझे लगता है कि शुरुआत में यह कठिन था जब मैच कभी हमारी ओर जाता तो कभी उनकी ओर। लेकिन विचार यह था कि हम बहुत अंत तक लड़े और इसका फल मिला। यह जीत उन सभी पाकिस्तानी लोगों के लिए है जो पीएसएल में खुशी चाहते हैं।"












Click it and Unblock the Notifications