भारतीय क्रिकेट में हमेशा याद रहेगा धोनी के लंबे बाल और परवेज मुशर्रफ का लोकप्रिय किस्सा
धोनी के लंबे बालों ने भारतीय क्रिकेट में भी कर दिया था परवेज मुशर्रफ को चर्चित, पाकिस्तान दौरे पर मौजूद धोनी को दी थी बाल ना कटवाने की सलाह

पाकिस्तान के पूर्व आर्मी चीफ और प्रेसिडेंट जनरल परवेज मुशर्रफ ने दुबई के एक अस्पताल में 79 साल की उम्र में अपनी अंतिम सांस ली। उनका दुबई के इस अस्पताल में लंबी बीमारी के चलते इलाज चल रहा था। भारतीय क्रिकेट फैंस इस शख्सियत को महेंद्र सिंह धोनी के लंबे बालों की वजह से याद रखते हैं। क्रिकेट प्रेमी रह चुके मुशर्रफ की तबीयत काफी लंबे समय से खराब थी और वह एमाइलॉयडॉसिस नाम की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे।

दुर्लभ बीमारी के बाद निधन
इस बीमारी में अंग काम करना बंद कर देते हैं जिससे सामान्य शारीरिक प्रक्रिया भी रुक जाती है। खास बात यह है कि यह एक दुर्लभ बीमारी है। भारत में परवेज मुशर्रफ को एक विलेन के तौर पर भी देखा जाता है क्योंकि उनको कारगिल युद्ध का सूत्रधार भी माना जाता है। मुशर्रफ 2001 में जुलाई में प्रेसीडेंट के तौर पर भारत की यात्रा पर भी आए थे। बहुत जल्द ही मुशर्रफ भारत में पाकिस्तान का सबसे बड़ा चेहरा बनकर उभरे और क्रिकेट मैचों में भी उनकी उपस्थिति कई बार देखी गई।

मुशर्रफ का पाक क्रिकेट पर एक समय होल्ड था
असल में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड वैसे भी वहां की सरकार के अंडर ही काम करता है। वह बीसीसीआई की तरह स्वतंत्र संस्था नहीं है। ऐसे में मुशर्रफ का पाक क्रिकेट पर एक समय पूरा होल्ड था। अब तो भारतीय टीम पाकिस्तान की यात्रा नहीं करती लेकिन 21वीं सदी की शुरुआत में ऐसा नहीं था। तब भारत ने 2004 और फिर 2006 में पाकिस्तान का दौरा किया था। तब 2006 में महेंद्र सिंह धोनी भारतीय क्रिकेट में नए चेहरे थे लेकिन अपनी प्रतिभा से दुनिया भर में बड़ी पहचान बनाने लगे थे। भारत को ऐसा विकेटकीपर बल्लेबाज इससे पहले कभी नहीं मिला था और वे अपनी भयंकर हिटिंग की वजह से विश्व क्रिकेट के सबसे विनाशकारी बल्लेबाजों के तौर पर देखे जाने लगे थे।

धोनी को देखा और उनके फैन हो गए
तब धोनी की हेयर स्टाइल उस समय काफी पॉपुलर थी क्योंकि वह लंबे बाल रखते थे जो उन्होंने टीम इंडिया में अपने डेब्यू के दौरान से ही रखे हुए थे। ऐसे में पाकिस्तान दौरे पर वनडे सीरीज खेल रही भारतीय टीम जब लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में मौजूद थी तब मुशर्रफ भी वहां थे। टीम इंडिया पाकिस्तान के साथ सीरीज में तीसरा वनडे मुकाबला खेल रही थी और मैच के समाप्त होने के बाद एमएस को 46 गेंदों पर 72 रन ठोकने के लिए मैन ऑफ द मैच का अवार्ड दिया गया। तब पाकिस्तान के प्रेसिडेंट परवेज मुशर्रफ धोनी से काफी खुश दिखाई दिए और उन्होंने धोनी को सुझाव दिया कि वह हेयरकट ना कराएं क्योंकि उनके लंबे बाल ही अच्छे लगते हैं।
आप इस हेयरकट में अच्छे लगते हैं
तब मुशर्रफ ने चुटकी लेते हुए कहा था कि मैंने एक कार्ड पर देखा है कि धोनी अपना हेयरकट करा लीजिए। लेकिन अगर आप मेरा सुझाव लेना चाहते हैं तो आप इस हेयरकट में अच्छे लगते हैं आप अपने बाल मत कटवाएं। भारत ने इस मुकाबले में पाकिस्तान के 288 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए धोनी और युवराज सिंह की बेहतरीन बल्लेबाजी की बदौलत 5 विकेट से जीत दर्ज की थी। युवराज सिंह ने 87 गेंदों पर नाबाद 79 रनों की पारी खेली थी और धोनी ने बाद में आग उगलती हुई बैटिंग की।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications