PCB ने न्यूजीलैंड दौरे के शेड्यूल में किया अहम बदलाव, अब कराची में खेले जाएंगे टेस्ट और वनडे सीरीज के सभी मैच
न्यूजीलैंड की टीम 26 दिसंबर से अपने पाकिस्तान दौरे का आगाज करेगी। जहां कीवी टीम 2 टेस्ट और 3 वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी।

इंग्लैंड के हाथों टेस्ट सीरीज में 3-0 से क्लीन स्विप झेलने के बाद पाकिस्तान की टीम न्यूजीलैंड की मेजबानी के लिए तैयार है। 26 दिसंबर से न्यूजीलैंड के पाकिस्तान दौरे की शुरुआत हो रही है। कीवी टीम पाकिस्तान में आकर दो टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी। टेस्ट सीरीज के शेड्यूल को लेकर पीसीबी की ओर से एक बड़े बदलाव की जानकारी साझा की गई है। दरअसल, न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच टेस्ट और वनडे सीरीज के अब सभी मुकाबले कराची में खेले जाएंगे। टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला मुल्तान में होना था, जिसे अब कराची शिफ्ट कर दिया गया है।
मौसम की वजह से लिया गया फैसला- पीसीबी
पीसीबी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, टेस्ट और वनडे सीरीज के सभी मुकाबले अब कराची में ही आयोजित किए जाएंगे और यह फैसला न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड के साथ चर्चा के बाद लिया गया है। पीसीबी ने बताया है कि मौसम और कोहरे की समस्या को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। पीसीबी के मुताबिक, मुल्तान से उड़ान संचालन को पहले ही बाधित कर दिया है और इसके परिणामस्वरूप खेल के घंटे का नुकसान भी हो सकता है, इसीलिए अब कराची में ही सभी मैच आयोजित किए जाएंगे।
न्यूजीलैंड टूर का पूरा शेड्यूल
आपको बता दें कि पाकिस्तान ने हाल ही में अपने घर में इंग्लैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज 3-0 से गंवाई है। इंग्लैंड के बाद अब न्यूजीलैंड की टीम पाकिस्तान के दौरे पर आ रही है। इस दौरे की शुरुआत 26 दिसंबर से होगी। 26 दिसंबर को पहला टेस्ट शुरू होगा। दूसरा टेस्ट 2 जनवरी से खेला जाएगा। वनडे सीरीज का आगाज 9 जनवरी से होगा। 11 को दूसरा और 13 जनवरी को आखिरी वनडे खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications