इंग्लैंड में रेप आरोपों के बावजूद पाकिस्तानी क्रिकेटर रिहा, क्यों किया गया केस बंद? कौन है 24 साल का यह खिलाड़ी
ब्रिटेन में कुछ समय पहले पाकिस्तानी क्रिकेटर हैदर अली को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भी उनको सस्पेंड कर दिया था। उस मामले में अब नया मोड़ आया है और इस क्रिकेटर को बड़ी राहत भी मिल गई है। कोर्ट ने उनके फेवर में फैसला सुनाया है।
ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस को जांच के दौरान कोई ठोस प्रमाण नहीं मिले, जिसके बाद अदालत ने उन्हें आरोपों से मुक्त कर दिया। पाकिस्तान शाहीन्स टीम के साथ वह इंग्लैंड दौरे पर थे। मेलबर्न क्रिकेट क्लब के खिलाफ कैंटरबरी मैदान में मुकाबले के दौरान मैनचेस्टर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था।

उन पर एक ब्रिटिश-पाकिस्तानी महिला द्वारा यौन शोषण का आरोप लगाया गया था। इस घटना के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने भी हैदर को निलंबित कर दिया था। पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार पुलिस ने फैसला आने के बाद अब इस केस को बंद कर दिया है।
पीसीबी ने किया था सस्पेंड
गिरफ्तारी के बाद हैदर अली से पूछताछ की गई थी और बाद में जमानत भी मिल गई थी। अब कोर्ट से राहत मिलने के बाद वह ट्रेवल कर पाएंगे। गिरफ्तारी के तुरंत बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने खुद को इस खिलाड़ी से अलग करते हुए सस्पेंड करने का फैसला सुना दिया था।
कैसा है हैदर अली का करियर
हैदर अली पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के लिए दो फॉर्मेट में खेल चुके हैं। उन्होंने वनडे और टी20 दोनों में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया है। एकदिवसीय क्रिकेट में वह 2 मैचों में 42 रन बना पाए हैं। इसके अलावा टी20 इंटरनेशनल में हैदर अली ने 35 मैचों में कुल 505 रन बनाए हैं।
पीएसएल के आंकड़े
पाकिस्तान सुपर लीग में उनके आंकड़े देखें, तो वह 49 मैचों में 846 रन बना चुके हैं। इसमें उनके नाम 4 अर्धशतकीय पारियां हैं। हैदर अली की उम्र अभी कम है, लिहाजा आने वाले समय में वह पाकिस्तानी टीम में वापसी करते हुए दिखाई दे सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications