INDW vs PAKW: पाकिस्तान ने भारत को 13 रनों से हराया, बल्लेबाजों का निराशाजनक प्रदर्शन
रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम के बाद हरमनप्रीत कौर की टीम को भी एशिया कप में पाकिस्तान के हाथों हार का सामना करना पड़ा है।
India Women vs Pakistan Women Highlights: रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम के बाद हरमनप्रीत कौर की टीम को भी एशिया कप में पाकिस्तान के हाथों हार का सामना करना पड़ा है। शुक्रवार को महिला एशिया कप के अहम मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 13 रनों से हराया। 138 रनों का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 124 रन ही बना सकी। भारत की ओर से ऋचा घोष ने 13 गेंदों में 26 रनों की पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सकी।

50 के स्कोर पर भारत ने खो दिए थे तीन विकेट
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय महिला टीम 10 ओवर में 50 के स्कोर पर तीन विकेट गंवा चुकी थी। स्मृति मंधाना पिच पर जमने के बाद अपना विकेट दे बैठी। उन्होंने 19 गेंदों में दो चौके की मदद से 17 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से नशरा संधू ने कमाल की गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने स्मृति मंधाना और सब्भिनेनी मेघना जैसे दो बड़े खिलाड़ियों को आउट किया।

नहीं चला जेमिमा रोड्रिग्स का बल्ला
138 रनों का पीछा करने उतरी भारतीय महिला टीम की शुरुआत खराब रही। सब्भिनेनी मेघना और जेमिमा रोड्रिग्स जल्द ही पवेलियन लौट गईं। सब्भिनेनी मेघना 14 गेंदों में 15 रन बनाए, लेकिन नशरा संधू ने सिदरा अमीन के हाथों उन्हें कैच आउट करा पाकिस्तान को बड़ी सफलता दिलाई। फॉर्म में चल रही जेमिमा रोड्रिग्स महज दो रन बनाकर निदा डार की गेंद पर कैच आउट हो गई।

कप्तान हरमनप्रीत कौर 12 रन बनाकर आउट
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर इस मुकाबले में काफी नीचे बल्लेबाजी करने आई। हरमनप्रीत कौर 7वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आई और 12 रन बनाकर आउट हो गई। भारतीय कप्तान नंबर चार से नंबर सात पर आने के कारण की चर्चाएं खूब हो रही है। कौर जब बल्लेबाजी करने आई तब टीम का रन रेट काफी कम था और जीत के लिए लगभग 10 रन प्रति ओवर रन बनाने थे। दबाव बढ़ने के कारण वह अपना विकेट गंवा बैठी।

पाकिस्तान ने बनाए थे 137 रन
इससे पहले पाकिस्तान की महिला टीम ने एशिया कप में भारत के सामने जीत के लिए 138 रनों का लक्ष्य रखा था। सिलहट इंटरनेशनल स्टेडियम में पाकिस्तान की कप्तान बिस्माह मरूफ और निदा डार ने अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम को 137 के स्कोर तक पहुंचाया। पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 137 रन बनाए। टीम के लिए निदा डार ने 37 गेंदों में नाबाद 56 रन बनाए।












Click it and Unblock the Notifications