'सैफी भाई, जैसे मुझे ही मिला है ये इनाम', वायरल हुआ सरफराज की कामयाबी पर रिजवान का नया ट्वीट
सरफराज की धमाकेदार वापसी की बाद रिजवान ने तारीफों के पुल ऐसे बांधे हैं जैसे वे कोई स्पष्टीकरण जारी कर रहे हों। रिजवान का ये ट्वीट काफी वायरल हो रहा है।

पाकिस्तान टीम से विवाद अक्सर ऐसे जुड़े रहते हैं जैसे टीम के साथ उसके तेज गेंदबाज। ना तो तेज गेंदबाज पाकिस्तान से खत्म होते और ना ही विवाद। इस बार मामला दो बड़े विकेटकीपरों का है। सब जानते हैं रमीज राजा को हटाने के बाद पीसीबी में कितने बदलाव हुए। चयन समिति बदल दी गई। शाहिद अफरीदी को उसका अंतरिम अध्यक्ष बनाया गया और उन्होंने तुरंत सरफराज का कॉल किया कि वे खेलने जा रहे हैं। सरफराज के रिश्ते इस दौरान बाबर आजम से भी बढ़िया दिखाई दिए और उन्होंने लंबे समय क्रिकेट में वापसी करते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ पाकिस्तान की घरेलू सीरीज में प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब भी कब्जा लिया।

सरफराज की वापसी पर मोहम्मद रिजवान को बाहर बैठना पड़ा
लेकिन इन सबके चलते सफेद गेंद क्रिकेट के धाकड़ विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान को बाहर बैठना पड़ा। वो रिजवान जिनके नाम का डंका टी20 इंटरनेशनल में दुनिया के बेस्ट बल्लेबाज की तरह बज रहा था। बाद में सूर्यकुमार यादव ने उनको नंबर एक की कुर्सी से नीचे धकेला। इसी बीच खबरें भी आई कि पूर्व कप्तान सरफराज अहमद और मुहम्मद रिजवान के बीच कुछ खींचतान चल रही है। सितंबर 2022 में, पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर सिकंदर बख्त ने एक धमाकेदार खुलासा किया था जिसमें कहा गया था कि रिजवान ने कहा था कि वह सरफराज को पाकिस्तान टीम में वापस नहीं आने देंगे।

सरफराज की धमाकेदार वापसी की बाद रिजवान ने ऐसा ट्वीट किया
अब पाक क्रिकेट में बड़े बदलावों के तहत सरफराज की धमाकेदार वापसी की बाद रिजवान ने ऐसा ट्वीट किया है जो वायरल हो गया है। तारीफों के पुल ऐसे बांधे गए हैं जैसे स्पष्टीकरण जारी करे जा रहे हों। खुशी ऐसे जाहिर की गई है जैसे कोई छुपा हुआ संदेश दे रहे हों। जो भी है ये एक सामान्य ट्वीट नहीं लगता और ना ही इसको सामान्य जज्बातों में लिखा गया है। रिजवान जज्बाती इंसान हैं हो सकता है भावनाओं के समंदर से ये ट्वीट किया गया हो लेकिन फिर भी वे इस ट्वीट में कुछ ऐसी बातें कह रहे हैं जिनकी जरूरत नहीं थी। उन्होंने सरफराज की तारीफ की लेकिन टीम में अप्रत्यक्ष तौर पर खुद की जगह को भी बीच में ला दिया।

खुश रहो सरफराज भाई
सरफराज ने दो टेस्ट मैचों में 83.75 की अविश्वसनीय औसत से 335 रन बनाए और श्रृंखला में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी भी थे। तो जाहिर है फिलहाल उन पर अंगुली नहीं उठाई जा सकती। रिजवान ने शुक्रवार को ट्विटर पर सरफराज को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में शतक और अर्धशतक के बाद प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने जाने पर बधाई दी।
रिजवान ने पोस्ट किया "सैफी (सरफराज) भाई द्वारा फिर से शानदार पारी। यही वह कड़ी मेहनत और अल्लाह पर विश्वास है जो आपको मिलता है। मुझे सैफी भाई के मैन ऑफ द सीरीज होने से ऐसी ही खुशी जैसे मुझे मिला हो। बल्कि यकीनन उससे भी ज्यादा। खुश रहो सरफराज भाई।"

सरफराज के लिए सफेद गेंद क्रिकेट में कोई जगह नहीं
खैर रिजवान को फिलहाल कोई सफेद गेंद क्रिकेट से बेदखल नहीं कर सकता। इसलिए न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए सरफराज को टीम में शामिल नहीं किया गया है। इस पर अंतरिम मुख्य चयनकर्ता शाहिद अफरीदी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषणा की, "मैं बहुत खुश हूं कि सैफी (सरफराज अहमद) ने वापसी की है और इतना शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन मोहम्मद रिजवान उपलब्ध है और वह टी20 और वनडे में हमारा मुख्य विकेटकीपर है।"
अफरीदी ने कहा, "अल्लाह ना करे अगर रिजवान चोटिल हो जाता है या वह थक जाता है, तो हम अन्य विकल्पों पर विचार करेंगे। किसी के टेस्ट प्रदर्शन को सीमित ओवरों के प्रदर्शन के साथ न मिलाएं।"
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications