हैरी ब्रूक के धुआंधार शतक की बदौलत पाकिस्तान टी20 विश्व से लगभग बाहर, इंग्लैंड की सेमीफाइनल में एंट्री
PAK vs ENG: इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच खेले गए टी20 विश्व कप सुपर आठ के मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पाकिस्तान की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 164 रन बनाए, इंग्लैंड ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह हासिल कर ली।
पाकिस्तान की ओर से सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने सबसे शानदार पारी खेली। उन्होंने 45 गेंदों का सामना करते हुए 63 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल थे। उनके अलावा मध्यक्रम में बाबर आजम और फखर जमान ने 25-25 रनों का योगदान दिया। अंत में शादाब खान ने 11 गेंदों पर 23 रनों की तेज पारी खेलकर टीम के स्कोर को 160 के पार पहुंचाया।

इंग्लैंड की ओर से लियाम डॉसन सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट चटकाए। जेमी ओवरटन ने भी घातक गेंदबाजी करते हुए 2 महत्वपूर्ण विकेट लिए। इसके अलावा जोफ्रा आर्चर ने 2 विकेट और आदिल राशिद ने 1 विकेट हासिल किया।
जवाब में खेलते हुए इंग्लैंड की खराब शुरुआत रही, शाहीन अफरीदी ने नई गेंद से इंग्लैंड के तीन प्लेयर्स को आउट करते हुए वापस भेज दिया। यहां पाक की स्थिति मजबूत दिख रही थी लेकिन हैरी ब्रूक बीच में आकर खड़े हो गए।
हैरी ब्रूक ने जड़ा तूफानी शतक
इंग्लैंड के विकेट गिरे लेकिन ब्रूक ने अपनी जिम्मेदारी दिखाते हुए तूफानी अंदाज में बैटिंग कर रन गति को बरकरार रखा। इंग्लैंड की जीत के करीब जाने पर ब्रूक शतक जड़कर आउट हो गए, उन्होंने 51 गेंदों का सामना करते हुए 10 चौके और 4 छक्के जड़कर 100 रन बनाए। उनके आउट होने पर दो विकेट और गिर गए और इंग्लैंड को अंतिम ओवर में जीतने के लिए 3 रन चाहिए थे। पाक को जीतने के लिए 2 विकेट की दरकार थी।
अंतिम ओवर में इंग्लैंड की जीत
अंतिम ओवर की पहली ही गेंद पर जोफ्रा आर्चर ने चौका जड़कर इंग्लैंड को जीत दिला दी और सेमीफाइनल में भी जगह दिलाई। पाकिस्तान का अब श्रीलंका से मैच होगा, वहां से उनके सेमीफाइनल में जाने या बाहर होने का पता चल जाएगा। अभी न्यूजीलैंड भी इस ग्रुप में है, उनका प्रदर्शन भी देखना होगा।












Click it and Unblock the Notifications