भारत के 1000वे ODI मैच के मौके पर सचिन तेंदुलकर ने बताए अपने 5 बेस्ट वनडे मुकाबले
नई दिल्लीः भारतीय क्रिकेट टीम 6 फरवरी 2022 को अपना 1000वां दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलेगी। भारतीय टीम द्वारा खेले गए 999 वनडे मुकाबलों में सचिन तेंदुलकर ने 463 मैच खेले हैं। सचिन 90 के दशक के भारत के सबसे महान बलेबाज थे और आज भी उनको क्रिकेट की दुनिया के सर्वाधिकारिक महानतम बल्लेबाजों में से एक माना जाता है। भारत के 1000 वनडे मुकाबाला खेलने के अवसर पर सचिन ने उन 5 बेस्ट वनडे मैचों की बात की है जिसका वह हिस्सा रहे हैं।

विश्व कप फाइनल को सर्वश्रेष्ठ एकदिवसीय मुकाबला मानते है-
लिटिल मास्टर के नाम से महान सचिन तेंदुलकर 2011 के विश्व कप फाइनल को अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ एकदिवसीय मुकाबला मानते हैं। सचिन ने 1998 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला गया मुकाबला भी चुना है। यह मैच सचिन तेंदुलकर की तूफानी पारी के चलते चर्चित हुआ और शारजाह में खेला गया था। उस मैच को क्रिकेट प्रेमी 'डेजर्ट स्टॉर्म' के नाम से याद करते हैं। सचिन ने 2003 में पाकिस्तान के खिलाफ विश्व कप मुकाबले को भी अपने टॉप-5 बेस्ट वन डे मैच में गिना है और उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में खेली वीबी सीरीज के दो मुकाबला को भी टॉप-5 में गिना है जो सिडनी और गाबा में हुए थे। ये वे मैच है जिनमें सचिन टीम में मौजूद थे।

वो एक पारी जिसको फिर खेलना चाहेंगे सचिन तेंदुलकर
सचिन ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत के दौरान ये बात कही। उन्होंने कहा, "विश्व कप 2011 फाइनल, शारजाह सैंडस्टॉर्म बनाम ऑस्ट्रेलिया, सेंचुरियन 2003 बनाम पाकिस्तान और सिडनी और ब्रिस्बेन बनाम ऑस्ट्रेलिया में दो वीबी सीरीज फाइनल के मुकाबले।"
इसके अलावा सचिन ने एक ऐसी वनडे पारी के बारे में भी बात की है जिसको वे दोबारा खेलना चाहेंगे। सचिन कहते हैं कि 2003 वर्ल्ड कप में सेंचुरियन के मैदान पर पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई 98 रनों की पारी को भी एक बार फिर से खेलना चाहेंगे।

वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी-
सचिन बताते हैं कि उस मैच से पहले काफी तनाव था और विपक्षी टीम के पास काफी अच्छा बॉलिंग अटैक था जिसके चलते वो पारी उनको याद रहती है। सचिन मानते हैं कि पाकिस्तान का बोलिंग अटैक उस समय का बेस्ट था।
सचिन तेंदुलकर एकदिवसीय क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं, और उन्होंने 'मेन इन ब्लू' के लिए 463 मैचों में 18426 रन बनाए हैं। वह एकदिवसीय क्रिकेट में सबसे अधिक शतक बनाने वाले भी हैं, जिनके नाम 49 शतक हैं। तेंदुलकर वर्ष 2011 में भारत की विश्व कप विजेता टीम का भी हिस्सा थे। सचिन तेंदुलकर ने वर्ष 2012 में भारतीय क्रिकेट टीम के लिए अपना आखिरी एकदिवसीय मैच खेला था।












Click it and Unblock the Notifications