न बुमराह, न शुभमन और न पंत, आर अश्विन ने बताया टीम इंडिया के अगले टेस्ट कप्तान का नाम, गिनाईं खूबियां
रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद टीम इंडिया की कप्तानी की जिम्मेदारी के लिए नए विकल्पों की खोज तेज हो गई है। शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह और ऋषभ पंत जैसे युवा खिलाड़ी चर्चा में हैं, लेकिन पूर्व ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन ने एक अनोखा नाम सुझाया है।
अश्विन का मानना है कि रविंद्र जडेजा टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी हैं और वे टेस्ट कप्तान बनने के लिए सही विकल्प हो सकते हैं। अश्विन ने कहा कि जडेजा टीम के सबसे अनुभवी सदस्य हैं और उन्हें दो साल तक कप्तानी देने से टीम को स्थिरता मिल सकती है।

हालांकि जडेजा ने पहले चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी की है, जो सफल नहीं रही, लेकिन अश्विन ने जोर दिया कि जडेजा को कम से कम मौका जरूर मिलना चाहिए।
अश्विन ने यूट्यूब चैनल 'ऐश की बात' पर कहा कि, 'हमें ऐसा नहीं कहना चाहिए, रवींद्र जडेजा उस टीम में सबसे अनुभवी व्यक्ति हैं। अगर आप किसी नए खिलाड़ी के लिए तैयार हैं, तो जडेजा दो साल तक कप्तानी कर सकते हैं और उनके अधीन कोई उप-कप्तान हो सकता है। ऐसा लगेगा कि मैं वाइल्डकार्ड फेंक रहा हूं।'
'जडेजा के नाम पर विचार किया जाना चाहिए'
उन्होंने कहा कि, 'हम सभी टीम के लिए खेलने के बाद भारत की कप्तानी करना चाहते हैं। जडेजा का भी यही सपना रहा होगा। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी भी की है, हालांकि वह अच्छा नहीं रहा। मैं यह नहीं कह रहा हूं कि उन्हें कप्तान बनना चाहिए, लेकिन निश्चित रूप से उनके नाम पर विचार किया जाना चाहिए।'
कप्तानी के चयन में गंभीर की बड़ी भूमिका
रोहित और विराट दोनों के टेस्ट फॉर्मेट से बाहर होने के बाद, पूरा ध्यान मुख्य कोच गौतम गंभीर पर चला गया है, जिन्हें एक नई टीम बनानी होगी। अश्विन ने कहा कि भारत की कप्तानी के चयन में गंभीर की बड़ी भूमिका होगी। अश्विन ने बताया, 'जो भी टीम चुनी जाएगी, वह गौतम गंभीर की टीम होगी। जडेजा और जसप्रीत बुमराह के अलावा सबसे अनुभवी खिलाड़ी गंभीर ही हैं। कप्तान की नियुक्ति में उनकी भूमिका अहम होगी, क्योंकि उन्हें टीम को तैयार करना है।'
इंग्लैंड दौरे के साथ चुनौती
भारत जून 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की शुरुआत करेगा। यह सीरीज खास इसलिए भी है क्योंकि टीम बिना रोहित और कोहली जैसे दिग्गजों के मैदान में उतरेगी, जिससे नए नेतृत्व की भूमिका और भी अहम हो जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications