वैभव सूर्यवंशी के सपोर्ट में उतरा पूर्व भारतीय क्रिकेटर, अगले मैच में अभिषेक शर्मा को बाहर करने की उठाई मांग
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज जीतने के बाद अब भारतीय टीम के सामने आखिरी मुकाबले के लिए अपनी बेंच स्ट्रेंथ आजमाने का मौका है। इस मैच में कुछ नए चेहरों को मौका मिल सकता है। सबसे ज्यादा चर्चा वैभव सूर्यवंशी की वापसी को लेकर है।
युवा बल्लेबाज को तीसरे मैच में शानदार प्रदर्शन के बावजूद चौथे मैच में प्लेइंग इलेवन से बाहर बैठना पड़ा था। अब पूर्व भारतीय क्रिकेटर दिनेश कार्तिक ने बताया है कि वैभव को दोबारा मौका देने के लिए टीम को क्या करना चाहिए।

इस बीच दिनेश कार्तिक ने क्रिकबज पर बातचीत में एक दिलचस्प सुझाव दिया। उनका मानना है कि वैभव को खिलाने के लिए संजू सैमसन को बाहर करने की जरूरत नहीं है। इसके बजाय अभिषेक शर्मा को एक मैच का आराम दिया जा सकता है।
कार्तिक का कहना है कि वैभव को मौका देने का फैसला किसी खिलाड़ी के खराब प्रदर्शन से जोड़कर नहीं देखना चाहिए। सीरीज पहले ही भारत के कब्जे में है, इसलिए प्रमुख खिलाड़ियों को रेस्ट देना भी टीम के लिए फायदेमंद हो सकता है।
अर्शदीप की जगह मयंक और प्रिंस को आजमाने की बात
कार्तिक ने गेंदबाजी में भी बदलाव की जरूरत बताई है। उन्होंने अर्शदीप सिंह को आखिरी मुकाबले से आराम देने और उनकी जगह मयंक यादव तथा प्रिंस यादव को मौका देने का सुझाव दिया।
उन्होंने कहा कि अर्शदीप इस सीरीज में भारत के सबसे अच्छे गेंदबाज रहे हैं। ऐसे में उन्हें एक मैच से बाहर रखना उनके प्रदर्शन पर सवाल उठाना नहीं, बल्कि उन्हें तरोताजा रखने का तरीका हो सकता है। कार्तिक ने अक्षर पटेल को टीम में बनाए रखने की बात भी कही। उनके अनुसार आखिरी मुकाबले में स्पिन गेंदबाजी के विकल्पों को परखना भी उपयोगी रहेगा।
सीरीज जीत चुकी है टीम इंडिया
भारतीय टीम पांच मैचों की सीरीज में 3-1 की बढ़त लेकर खिताब अपने नाम कर चुकी है। अब आखिरी मुकाबले में टीम अन्य खिलाड़ियों को आजमाने का मौका है। ऐसे में वैभव सूर्यवंशी की प्लेइंग इलेवन में वापसी पर सबकी नजर रहेगी।


Click it and Unblock the Notifications
