न्यूजीलैंड टीम का कमाल, पाकिस्तान को रैंकिंग में नम्बर 1 से 3 पर फेंका, भारतीय टीम हुई फिर से आगे
पाकिस्तान को कीवी टीम ने अंतिम वनडे मैच में धो दिया। इसके बाद उनकी वनडे रैंकिंग पर भी असर पड़ा और वे नम्बर एक से तीन की पोजीशन पर चले गए।

PAK vs NZ, ICC ODI Rankings: पाकिस्तान क्रिकेट टीम की ख़ुशी उस समय मायूसी में बदल गई जब 48 घंटों में ही वनडे रैंकिंग छिन गई। न्यूजीलैंड टीम के बेहतरीन प्रदर्शन के कारण ऐसा हुआ। पाक टीम चौथे वनडे तक लगातार जीत रही थी और वनडे रैंकिंग में पहला स्थान हासिल कर लिया। इसके बाद कीवी टीम ने पलटवार किया।
न्यूजीलैंड ने अंतिम एकदिवसीय मुकाबले में पाकिस्तान को 47 रनों के अंतर से पराजित करते हुए वनडे रैकिंग खराब कर दी। दो दिन पहले नम्बर एक बनने वाली पाकिस्तानी टीम वापस नीचे आ गई और तीसरे स्थान पर चली गई। कीवी टीम ने अंतिम वनडे मुकाबले में धमाकेदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को कोई मौका नहीं दिया।
आईसीसी के ताजा वनडे रैकिंग में ऑस्ट्रेलिया की टीम नम्बर एक पर है। भारतीय टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया और पाक टीम नम्बर तीन पर है। ऑस्ट्रेलिया के 113 और भारत के 113 अंक हैं। पाकिस्तानी टीम के पास 112 रेटिंग अंक है। इस वजह से कुछ ही समय में उनको टॉप से तीन पर आना पड़ा।
एकदिवसीय रैंकिंग में इंग्लैंड की टीम चौथे और न्यूजीलैंड पांचवें स्थान पर हैं। पाकिस्तान की टीम ने न्यूजीलैंड को वनडे सीरीज में 4-1 के बड़े अंतर से हरा दिया। हालांकि कीवी टीम के 7 से 8 खिलाड़ी इस टीम में नहीं थे। नए खिलाड़ियों से सजी हुई टीम पाकिस्तान दौरे पर गई थी।
कराची में खेले गए अंतिम वनडे मैच में कीवी टीम जीत गई। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड 299 के कुल स्कोर पर आउट हो गई। विल यंग ने धमाकेदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए कीवी टीम के लिए 87 रनों की बेहतरीन पारी खेली। कप्तान टॉम लैथम के बल्ले से भी अर्धशतक देखने को मिला।
जवाबी पारी में खेलते हुए पाक टीम के दिग्गज फ्लॉप हो गए। बाबर आज़म अपने 100वें एकदिवसीय मैच में महज 1 रन बनाकर आउट हो गए। इफ्तिखार अहमद ने नाबद 94 रन बनाये। आगा सलमान ने भी 57 रन बनाये। पाकिस्तान की पूरी टीम 252 के स्कोर पर सिमट गई। हेनरी शिपले और रचिन रविन्द्र ने 3-3 विकेट झटके।












Click it and Unblock the Notifications