AFG vs PAK: स्टेप आउट करके छक्का मारने जा रहे थे नसीम शाह, लेकिन आउट होने के तरीके से बन गया मजाक
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज नसीम शाह अफगानिस्तान के खिलाफ 9वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए थे, लेकिन वो अजीबोगरीब तरीके से अपना विकेट गंवा बैठे।

अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने शुक्रवार रात को शारजाह में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में पाकिस्तान को 6 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया। अफगानिस्तान की पाकिस्तान के खिलाफ यह ऐतिहासिक जीत थी, क्योंकि अफगानिस्तान ने पहली बार किसी इंटरनेशनल मैच में पाकिस्तान को हराया था। पाकिस्तान के लिए इससे ज्यादा शर्मनाक क्या होगा कि अफगानिस्तान के खिलाफ उनकी पूरी टीम 20 ओवरों में सिर्फ 92 रन ही बना पाई। राशिद खान की कप्तानी वाली अफगानिस्तान टीम ने 93 रन के लक्ष्य को 18वें ओवर में ही 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
नसीम शाह का विकेट रहा सुर्खियों में
अफगानिस्तान के खिलाफ पाकिस्तान की टीम जब संघर्ष कर रही थी तो तेज गेंदबाज नसीम शाह का विकेट मैच का सबसे बड़ा आकर्षण का केंद्र बना था। नसीम शाह के विकेट ने मैच के दौरान और उसके बाद भी सुर्खियां बटोरीं। दरअसल, नसीम शाह मैच के दौरान अजीबोगरीब तरीके से आउट हो गए। नसीम शाह 9वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे थे और उन्होंने 7 गेंदों में सिर्फ 2 रन बनाए। नसीम शाह एक बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में हिट विकेट हो गए। उनका शॉट खेलने का यह प्रयास फेल हो गया था। उन्होंने इतनी तेज बल्ला घुमाया था कि बैट पूरा हवा में घुमकर स्टंप्स पर जा लगा।
शाह के विकेट का वीडियो हुआ वायरल
नसीम शाह के विकेट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि नसीम शाह स्टेप आउट करके बड़ा शॉट खेलने जा रहे थे, लेकिन गेंद से उनका संपर्क नहीं हुआ। गेंद उनकी छाती पर लगी और बैट पूरा 360 डिग्री घुमकर स्टंप्स पर लग गया। नसीम शाह का विकेट मोहम्मद नबी ने लिया थ। इस मैच में पाकिस्तान की ओर से इमाद वसीम हाई स्कोरर रहे। उन्होंने 32 गेंदों में 18 रन की पारी खेली। तैय्यब ताहिर और सईम अयूब ने 17 और 16 रन बनाकर पाकिस्तान को 90 रन के स्कोर से आगे बढ़ाया। मुजीब उर रहमान ने 4-0-9-2 का अच्छा स्पेल फेंका।












Click it and Unblock the Notifications