Murali Vijay Video: सालों बाद छलका मुरली विजय का दर्द! दिनेश कार्तिक का नाम लेते ही आंखें हुई नम
Murali Vijay Video: तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन (TNCA) के वार्षिक स्थापना दिवस समारोह के दौरान एक भावुक पल देखने को मिला। भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज मुरली विजय ने मंच से अपने पुराने साथी खिलाड़ियों दिनेश कार्तिक और रविचंद्रन अश्विन की जमकर तारीफ की। खेल जगत और फैंस के बीच इस बयान को बेहद सकारात्मक रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि अतीत में इन खिलाड़ियों के बीच व्यक्तिगत मोर्चे पर दूरियों की खबरें मीडिया की सुर्खियों में रही हैं।
'कार्तिक ने अनजाने में भी मेरी बहुत मदद की' (Murali Vijay Video)
मुरली विजय ने दिनेश कार्तिक को तमिलनाडु के इतिहास के सबसे महान विकेटकीपर-बल्लेबाजों में से एक बताया। उन्होंने अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए कहा कि शायद यह सुनना थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन मैं बचपन से दिनेश कार्तिक को खेलते हुए देख रहा हूं। मेरी नजर में वह तमिलनाडु के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर और विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं। वह एक बेहतरीन इंसान और मेरे प्रिय मित्र हैं। मैंने नॉन-स्ट्राइकर एंड से उनकी बल्लेबाजी का लुत्फ उठाया है और उनके जैसा खिलाड़ी मैंने नहीं देखा। उन्होंने अनजाने में भी मेरे करियर में मेरी बहुत मदद की है, जिसके लिए मैं आज मंच से उनका आभार व्यक्त करता हूं।

अश्विन के 'क्रिकेट के प्रति पागलपन' का किया जिक्र
कार्तिक के अलावा मुरली विजय ने भारत के दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के शुरुआती दिनों का एक किस्सा भी शेयर किया। उन्होंने बताया कि जब वे पहली बार सुबह के अभ्यास सेशन के दौरान अश्विन और उनके पिता से मिले थे, तभी उन्हें आभास हो गया था कि यह खिलाड़ी इतिहास रचेगा। विजय ने कहा कि अश्विन के भीतर खेल को लेकर एक अलग ही उत्सुकता और पागलपन था। वे हमेशा खुद को बेहतर बनाने और सीखने के लिए तैयार रहते थे। आज के युवा क्रिकेटरों के लिए अश्विन एक बेहतरीन रोल मॉडल हैं।
अतीत की कड़वाहट से आगे बढ़े खिलाड़ी
मुरली विजय और दिनेश कार्तिक के रिश्ते हमेशा से चर्चा का विषय रहे हैं। साल 2012 में एक व्यक्तिगत पारिवारिक घटनाक्रम के बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच बातचीत बंद हो गई थी और उन्होंने सार्वजनिक रूप से एक-दूसरे पर टिप्पणी करने से हमेशा दूरी बनाए रखी। लंबे समय बाद तमिलनाडु क्रिकेट के मंच पर मुरली विजय द्वारा पुरानी कड़वाहट को पीछे छोड़ते हुए कार्तिक के प्रति दिखाई गई इस खेल भावना और सम्मान की सोशल मीडिया पर काफी सराहना की जा रही है।















Click it and Unblock the Notifications