IPL 2026: मुंबई इंडियंस की कमजोरी आई सामने, छठी बार खिताब जीतना है मुश्किल
Mumbai Indians Squad Analysis: पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) के लिए आईपीएल 2026 सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं, बल्कि अपनी बादशाहत वापस पाने की जंग है। पिछले कुछ सीजन उतार-चढ़ाव भरे रहे हैं, लेकिन इस बार ब्लू ब्रिगेड एक नए जोश और बदली हुई रणनीति के साथ मैदान पर उतरने को तैयार है। वानखेड़े के शोर के बीच क्या हार्दिक पांड्या अपनी टीम को उस ऐतिहासिक छठे खिताब तक ले जा पाएंगे, जिसका इंतजार फैंस बेसब्री से कर रहे हैं?
मुंबई इंडियंस की सबसे बड़ी ताकत हमेशा से उनकी बल्लेबाजी रही है। इस बार भी टीम का टॉप और मिडिल ऑर्डर किसी भी विपक्षी टीम के लिए बुरे सपने जैसा है। अनुभवी रोहित शर्मा और क्विंटन डी कॉक की ओपनिंग जोड़ी विपक्षी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाने के लिए तैयार है। इसके बाद दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव और युवा सनसनी तिलक वर्मा पारी को संभालने और उसे बड़े स्कोर में बदलने का माद्दा रखते हैं।

निचले क्रम में कप्तान हार्दिक पांड्या और शेरफेन रदरफोर्ड जैसे पावर-हिटर मौजूद हैं, जो आखिरी ओवरों में मैच का पासा पलटने की काबिलियत रखते हैं। रदरफोर्ड का हालिया टी20 फॉर्म मुंबई के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
गेंदबाजी: बुमराह और बोल्ट की घातक जोड़ी फिर साथ
मुंबई इंडियंस के फैंस के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी यह है कि जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट की जोड़ी एक बार फिर साथ है। बुमराह की सटीक यॉर्कर और बोल्ट की स्विंग गेंदबाजी शुरुआती ओवरों में किसी भी बल्लेबाजी लाइनअप को तहस-नहस कर सकती है। साथ ही, टीम में दीपक चाहर और शार्दुल ठाकुर जैसे अनुभवी भारतीय तेज गेंदबाज भी शामिल हैं, जो न सिर्फ विकेट चटकाते हैं, बल्कि निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी भी कर सकते हैं।
कमजोरी: क्या स्पिन विभाग बनेगा गले की फांस?
तमाम खूबियों के बाद भी मुंबई के स्क्वाड में एक बड़ी कमजोरी नजर आ रही है-वह है एक 'मैच विनर' स्पिनर की कमी। टीम के पास मिचेल सेंटनर और मयंक मारकंडे जैसे विकल्प तो हैं, लेकिन अगर इनमें से कोई चोटिल होता है या खराब फॉर्म से गुजरता है, तो बैकअप के तौर पर बड़े नामों की कमी खल सकती है। हालांकि, विल जैक्स जैसे पार्ट-टाइम स्पिनर इस कमी को पूरा करने की कोशिश करेंगे, लेकिन चेपॉक या कोटला जैसी पिचों पर मुंबई को मुश्किल हो सकती है।
चुनौतियां और अवसर
मुंबई के पास आईपीएल इतिहास की पहली ऐसी टीम बनने का मौका है जो 6 खिताब अपने नाम करे। फिलहाल वे सीएसके के साथ 5-5 की बराबरी पर हैं। उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती प्रमुख खिलाड़ियों (जैसे बुमराह और चाहर) की फिटनेस और चोटों से बचना होगा। अगर मुंबई अपनी पूरी ताकत के साथ खेलती है, तो उन्हें फाइनल तक पहुंचने से रोकना नामुमकिन होगा।












Click it and Unblock the Notifications