Mumbai Indians ने जिसे छोड़ा उसने रचा ऐसा इतिहास जो दुनिया में पहली बार हुआ? IPL 2026 से पहले हुआ बड़ा धमाका
Mumbai Indians, Vignesh Puthur: क्रिकेट के मैदान पर विजय हजारे ट्रॉफी 2025 में केरल के एक खिलाड़ी की खूब चर्चा हो रही है। इस खिलाड़ी ने अपनी फील्डिंग से वह करिश्मा कर दिखाया जो खेल के इतिहास में आज तक कोई नहीं कर सका। केरल के विग्नेश पुथुर ने अपने लिस्ट-ए डेब्यू मैच में ही एक ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है, जिसने दुनिया भर के दिग्गज फील्डरों को पीछे छोड़ दिया है।
कैच पकड़कर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड (Mumbai Indians, Vignesh Puthur)
अहमदाबाद के गुजरात कॉलेज ग्राउंड पर त्रिपुरा के खिलाफ खेले गए मैच में विग्नेश पुथुर 'सुपरमैन' की भूमिका में नजर आए। उन्होंने इस मुकाबले में एक या दो नहीं, बल्कि कुल 6 कैच लपके। इसके साथ ही वह लिस्ट-ए क्रिकेट के इतिहास में एक मैच में 6 कैच पकड़ने वाले दुनिया के पहले आउटफील्ड खिलाड़ी बन गए हैं। विग्नेश ने उदियान बोस, श्रीदम पॉल, स्वप्निल सिंह, सौरभ दास, अभिजीत सरकार और विक्की साहा के कैच पकड़कर त्रिपुरा की पारी को समेटने में मुख्य भूमिका निभाई।

एक साथ कई दिग्गजों का रिकॉर्ड तोड़ा
विग्नेश से पहले यह रिकॉर्ड संयुक्त रूप से कई महान खिलाड़ियों के नाम था, जिन्होंने एक मैच में 5 कैच पकड़े थे। विग्नेश ने जिन दिग्गजों को पीछे छोड़ा है। जोंटी रोड्स (दक्षिण अफ्रीका, 1993), हैरी ब्रूक (इंग्लैंड, 2025),पीटर हैंड्सकॉम्ब (विक्टोरिया, 2023), ब्रैड यंग और एरियन संगमा। अब विग्नेश पुथुर का नाम इस लिस्ट में सबसे ऊपर सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया है।
IPL नीलामी के बाद चमकी किस्मत
विग्नेश पुथुर के लिए यह सप्ताह किसी सपने जैसा रहा है। आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले विग्नेश को हाल ही में हुई नीलामी में राजस्थान रॉयल्स ने खरीदा है। नीलामी के ठीक बाद घरेलू क्रिकेट के अपने पहले ही मैच में ही उन्होंने इतिहास रच दिया है। विग्नेश पुथुर अब राजस्थान के लिए भी दमदार प्रदर्शन करना चाहेंगे।
केरल की धमाकेदार जीत
मैच की बात करें तो केरल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 348/8 का विशाल स्कोर खड़ा किया। केरल की ओर से विष्णु विनोद ने मात्र 62 गेंदों में 102 रनों की तूफानी पारी खेली, जबकि रोहन कुन्नुमल ने 94 रन बनाए। जवाब में त्रिपुरा की टीम 203 रनों पर ही सिमट गई और केरल ने यह मैच 145 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया। बाबा अपराजित ने गेंद से कमाल करते हुए 5 विकेट झटके, लेकिन पूरे मैच की लाइमलाइट विग्नेश पुथुर और उनके 6 ऐतिहासिक कैच लूट ले गए।












Click it and Unblock the Notifications