महेंद्र सिंह धोनी ने Gen Z को दिया खास मैसेज, ऐसा क्या कहा जिसका वीडियो जमकर वायरल
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने Gen Z और Gen Alpha को एक अहम सलाह दी है। माही ने युवा पीढ़ी के लिए ऐसा मैसेज दिया है, जिसकी तारीफ हो रही है और उनका बयान काफी वायरल भी हो रहा है।
धोनी ने युवाओं को शारीरिक रूप से सक्रिय रहने और अपनी रोजमर्रा की आदतों पर ध्यान देने की नसीहत दी। उन्होंने बताया कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में शारीरिक गतिविधियां कम होना और अनहेल्दी खानपान भविष्य में सेहत से जुड़ी परेशानियों की वजह बन सकता है।

उन्होंने यह बात एक कार्यक्रम में मशहूर लेखक जावेद अख्तर के साथ बातचीत के दौरान कही। दोनों से युवा पीढ़ी को सलाह देने के बारे में पूछा गया था। जहां जावेद अख्तर ने आज के युवाओं के नैतिक मूल्यों की तारीफ की, वहीं धोनी ने उनकी सेहत और जीवनशैली पर ध्यान दिलाया।
धोनी ने क्यों दी खेलकूद की सलाह?
धोनी ने कहा कि पहले के समय में लोगों की दिनचर्या ऐसी थी कि उन्हें स्वाभाविक रूप से ज्यादा चलना-फिरना पड़ता था। इससे शरीर सक्रिय रहता था और पाचन में भी मदद मिलती थी। अब घर से ऑफिस जाने और वापस लौटने तक कई काम गाड़ी या दूसरी सुविधाओं के जरिए हो जाते हैं। ऑफिस में लंबे समय तक बैठकर काम करने के बाद लोग घर लौटते हैं और वहां भी शारीरिक गतिविधियां सीमित रह जाती हैं।
माही के मुताबिक कम शारीरिक गतिविधि के साथ फास्ट फूड का बढ़ता चलन भी चिंता का विषय है। खासकर ज्यादा चीनी और तली हुई चीजों का सेवन, जब शरीर को पर्याप्त व्यायाम नहीं मिलता, तो लंबे समय में सेहत पर बुरा असर डाल सकता है।
आईपीएल में भागीदारी को लेकर माही ने क्या कहा?
माही ने आगामी आईपीएल में अपनी भागीदारी को लेकर भी फिटनेस को एक पैमाना माना। उनका कहना था कि फिटनेस साथ दे तभी कोई काम करना चाहिए। दिसंबर तक मेरे बारे में पता चल जाएगा। संकेत साफ़ है कि धोनी फिट नहीं होंगे, तो अगले चेन्नई सुपर किंग्स से बाहर रहेंगे। पिछले सीजन भी वह फिट नहीं थे, तो प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं हुए थे।


Click it and Unblock the Notifications
