VIDEO: 'इस वजह से माही हैं महान, दुनिया करती है सम्मान', जानिए क्यों एशेज सीरीज में फैंस को याद आए धोनी
England vs Australia, 2nd Ashes Test Jonny Bairstow Run Out:
England vs Australia, 2nd Ashes Test Jonny Bairstow Run Out: लॉर्ड्स के मैदान पर खेला गया इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एशेज सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच ऑस्ट्रेलिया ने अपने नाम किया। इंग्लैंड को इस मुकाबले को जीतने के लिए 371 रन बनाने थे, लेकिन इंग्लैंड की पूरी टीम 327 रनों पर ढेर हो गई। इंग्लैंड की लगातार यह दूसरी हार है।
बेयरस्टो के आउट पर विवाद: 371 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही। लेकिन कप्तान बेन स्टोक्स ने एक छोर से टीम को संभाले रखा। छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए जॉनी बेयरस्टो से फैंस को खासी उम्मीदें थी। लेकिन जॉनी बेयरस्टो को जिस तरीके से आउट दिया गया, उस पर विवाद ने जन्म ले लिया। कुछ लोग इस आउट को सही बता रहे हैं, जबकि कुछ फैंस इसकी आलोचना कर रहे हैं।

इस तरह हुए रन आउट: इंग्लैंड की पारी के 52वें ओवर की आखिरी गेंद पर कैमरन ग्रीन की शॉर्ट गेंद को बेयरस्टो ने नीचे झुककर छोड़ दिया। गेंद जाकर विकेटकीपर एलेक्स कैरी के हाथों में चली गई। बेयरस्टो अपनी क्रीज छोड़कर आगे निकल चुके थे और कैरी ने गेंद को विकेट पर मार दिया। इसके बाद रनआउट की अपील की गई, जिसे थर्ड अंपायर ने आउट करार दे दिया।
फैंस को आए धोनी याद: इस घटना के बाद पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है। दरअसल, ऐसा ही कुछ इंग्लैंड के बल्लेबाज इयान बेल ने भारत के खिलाफ किया था। इयान बेल ने शॉट मारा और आधे क्रीज पर जाकर खड़े हो गए। उन्हें लगा कि गेंद चौके के लिए चली गई है, लेकिन प्रवीण कुमार ने गेंद को पहले ही रोक लिया था। इसके बाद धोनी ने बेल को रन आउट कर दिया था।
ऐसा कर लूटी वाहवाही: मैदानी अंपायर ने इस फैसले को थर्ड अंपायर के पास भेजा। जहां थर्ड अंपायर ने बल्लेबाज को आउट करार दिया। इयन बेल अंपायर के फैसले से खुश नहीं थे। धोनी ने फिर खेल भावना दिखाते हुए उन्हें वापस मैदान पर बुला लिया। जिसके बाद हर जगह धोनी के इस फैसले की तारीफ हुई थी। वहीं ऑस्ट्रेलिया को अपनी इस हरकत के लिए आलोचना झेलनी पड़ रही है।












Click it and Unblock the Notifications