'माही भाई ने खीझ कर बोतल पर लात मारी थी', DHONI को लेकर चौंकाने वाला खुलासा
MS Dhoni, Latest News: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को 'कैप्टन कूल' के नाम से जाना जाता है। धोनी मुश्किल परिस्थितियों में भी अपने शांत स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। समझदारी और आत्मविश्वास के साथ-साथ इस धैर्य ने माही को क्रिकेट के सबसे महान कप्तानों में से एक के रूप में स्थापित किया है। धोनी एकमात्र ऐसे कप्तान हैं जिन्होंने तीनों प्रमुख आईसीसी व्हाइट-बॉल ट्रॉफ़ी जीती हैं। टी 20 विश्व कप (2007), वनडे विश्व कप (2011), और चैंपियंस ट्रॉफी (2013) धोनी की कप्तानी में भारत ने जीतने में सफलता हासिल की थी।
चेन्नई को दिलाए हैं पांच खिताब
अपनी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों के अलावा धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को पांच आईपीएल खिताब भी दिलाए हैं। मैदान पर बेबाक रहने के बावजूद ऐसे कई मौके आए हैं जब उन्होंने अपना गुस्सा दिखाया है। पूर्व सीएसके खिलाड़ी एस बद्रीनाथ ने इनसाइडस्पोर्ट के साथ एक इंटरव्यू में धोनी से जुड़ी एक मजेदार घटना शेयर की है।

बद्रीनाथ ने शेयर किया पुराना किस्सा
बद्रीनाथ ने चेन्नई में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के खिलाफ़ खेले गए मैच को याद करते हुए एक घटना का जिक्र किया। जिसमें सीएसके की टीम 110 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही थी, लेकिन खिलाड़ी जल्दी ही विकेट खो बैठे और आखिरकार टीम मैच हार गई। उन्होंने कहा कि मैं अनिल कुंबले के खिलाफ़ लैप शॉट खेलते हुए एलबीडब्ल्यू आउट हो गया।
ड्रेसिंग रूम में दिखा धोनी का गुस्सा
ड्रेसिंग रूम में खड़े होने के दौरान एमएस अंदर आए और हताशा में पानी की एक छोटी बोतल को लात मार दी। हम सभी उसकी आंखों में नहीं देख पा रहे थे। धोनी का गुस्सा दिखाना इस बात को दर्शाता है कि 'कैप्टन कूल' भी अपना आपा खो सकते हैं, हालांकि वे मैदान पर कभी भी इसका प्रदर्शन नहीं करते। बद्रीनाथ ने कहा कि वे भी इंसान हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि धोनी का गुस्सा कम ही देखने को मिलता है और आमतौर पर इसे लोगों की नजरों से दूर रखा जाता है।
धोनी के भविष्य पर कही ये बात
आईपीएल की मेगा नीलामी के करीब आने के साथ ही टूर्नामेंट में धोनी के भविष्य को लेकर भी अटकलें तेज है। सीएसके के आईपीएल 2024 से बाहर होने के बाद धोनी अपनी योजनाओं के बारे में कोई बयान दिए बिना रांची लौट आए। अगर CSK मेगा नीलामी से पहले धोनी को रिटेन करने का फैसला करता है, तो वह एक और सीजन आईपीएल खेलते नजर आ सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications