महेंद्र सिंह धोनी ने राधिका के लिए लिखा भावुक पोस्ट, अनंत अम्बानी से कर डाली यह माँग
पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी ने अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी अटेंड की और दोनों को हार्दिक बधाई दी। मुंबई में भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें धोनी अपनी पत्नी साक्षी और बेटी जीवा के साथ शामिल हुए। सोशल मीडिया पर माही ने फोटो के साथ बधाई संदेश लिखा है, जो दिल को छू जाने वाला है।
सप्ताह भर चले इस उत्सव में बॉलीवुड की मशहूर हस्तियों, राजनेताओं और खेल जगत की हस्तियों सहित कई सितारे शामिल हुए। WWE रेसलर जॉन सीना, गायक जस्टिन बीबर और एडेल जैसे अंतरराष्ट्रीय सितारों ने भी इस कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

एमएस धोनी का संदेश
धोनी ने इंस्टाग्राम पर नवविवाहित जोड़े के लिए एक मार्मिक संदेश साझा किया। धोनी ने लिखा, "राधिका, आपकी चमकती मुस्कान कभी फीकी न पड़े! अनंत, कृपया राधिका को उसी प्यार और दयालुता से संजोना और उसकी देखभाल करना, जैसा आप अपने आस-पास के सभी लोगों के साथ करते हैं। आपकी शादीशुदा ज़िंदगी खुशियों, हंसी और रोमांच से भरी रहे। बधाई हो और जल्द ही आप लोगों से मुलाकात होगी! गाना वीरेन अंकल के लिए है।"
साक्षी धोनी ने भी सोशल मीडिया पर अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने लिखा, "राधिका और अनंत, आपकी शादी पर बधाई! आपका प्यार हमेशा चमकता रहे, ठीक वैसे ही जैसे राधिका की मुस्कान और अनंत का दयालु दिल। आप दोनों का जीवन खुशियों, हंसी और रोमांच से भरा रहे - हम धोनी परिवार की ओर से आपको हमेशा ढेर सारा प्यार।"
शादी में शामिल हुए क्रिकेटर
इस मौके पर कई भारतीय क्रिकेटर भी मौजूद थे। हार्दिक पांड्या, सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल और श्रेयस अय्यर समेत कई अन्य खिलाड़ी मौजूद थे। भव्यता के कारण यह शादी सोशल मीडिया पर छा गई। शनिवार को जोड़े को आशीर्वाद देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए।
अनंत अम्बानी ने शाहरुख़ खान और अपने कई करीबी दोस्तों को शादी में आने के बाद महंगा गिफ्ट दिया। खबरों के अनुसार उन्होंने 2 करोड़ रुपये मूल्य की घड़ी अपने मेहमानों को गिफ्ट में दी। शादी 5000 करोड़ रुपये की बताई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications