World Cup 2023: वर्ल्ड कप में किसके नाम है सर्वाधिक शतक लगाने का रिकॉर्ड, देखें टॉप-5 खिलाड़ियों की लिस्ट
ICC Men's Cricket World Cup 2023: वर्ल्ड कप 2023 के नजदीक आते ही फैंस के बीच टूर्नामेंट को लेकर गजब का क्रेज देखने को मिल रहा है। मेजबान भारत अपना पहला मुकाबला 8 अक्टूबर को चेन्नई के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगा। क्रिकेट के सबसे बड़े महापर्व के आयोजन से पहले जानते हैं कि टूर्नामेंट के वनडे फॉर्मेट में किसके नाम है सर्वाधिक शतक लगाने का रिकॉर्ड।
दरअसल, विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में शतक बनाना किसी बल्लेबाज की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक होता है। अपनी टीम के लिए 100 रन बनाना हर खिलाड़ी का सपना होता है, लेकिन कुछ बल्लेबाज विश्व कप में एक नहीं, बल्कि कई शतक बनाने में सफल रहे हैं।

रोहित शर्मा
भारतीय टीम के धाकड़ सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा, विश्व कप में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में पहले नंबर पर हैं। टीम इंडिया के कप्तान ने केवल 2 विश्व कप टूर्नामेंट में ये उपलब्धि अपने नाम की है। उन्होंने 17 मैचों में 6 शतक लगाए हैं।
उन्होंने अपना पहला विश्व कप शतक साल 2015 के क्वार्टर फाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ लगाया था। इस दिग्गज बल्लेबाज ने 2019 विश्व कप में 5 शतक जड़े थे, जो विश्व कप के एक सीजन में किसी भी खिलाड़ी द्वारा सबसे अधिक है। रोहित ने वर्ल्ड कप में 978 रन बनाए हैं।
सचिन तेंदुलकर
इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले पूर्व भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर विश्व कप में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं। 45 मैच खेलकर तेंदुलकर ने 2278 रन बनाए, जिसमें 6 शतक शामिल हैं। विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा अर्धशतक (15) बनाने का रिकॉर्ड भी सचिन के नाम है। रोहित और सचिन दोनों ही खिलाड़ियों ने संयुक्त रूप से वर्ल्ड कप में 6 शतक लगाए हैं। इस सीजन रोहित के पास सचिन का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका होगा।
कुमार संगकारा
श्रीलंका के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार संगकारा, विश्व कप में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं। संगकारा के नाम विश्व कप करियर में 5 शानदार शतकों का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने टूर्नामेंट के 37 मैच की 35 पारियों में 1532 रन के साथ ये उपलब्धि अपने नाम दर्ज की है।
रिकी पोंटिंग
ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज रिकी पोंटिंग विश्व कप में सर्वाधिक शतक लगाने के मामले में चौथे स्थान पर हैं। पोंटिंग ने टूर्नामेंट में 46 मैच खेले और 45.86 की शानदार औसत और 5 शतक की मदद से 1743 रन बनाए हैं।
डेविड वॉर्नर
ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के बल्लेबाज डेविड वॉर्नर पांच खिलाड़ियों की लिस्ट में आखिरी नंबर पर आते हैं। वॉर्नर ने अपने 18 विश्व कप मैचों में 4 शतक लगाए हैं। वॉर्नर ने टूर्नामेंट की 18 पारियों में 992 रन के साथ ये उपलब्धि अपने नाम की है।












Click it and Unblock the Notifications