IND vs BAN: मोमिनुल ने जड़ा शतक, 233 पर ऑल आउट बांग्लादेश, रोहित शर्मा ने पकड़ा हैरतअंगेज कैच
India vs Bangladesh: बांग्लादेश ने कानपुर टेस्ट मैच के चौथे दिन भारत के सामने खेलते हुए शुरुआती सेशन में कुछ विकेट गंवाए लेकिन एक बल्लेबाज ने क्रीज पर खड़े होकर भारतीय गेंदबाजों को बखूबी जवाब दिया। मोमिनुल हक ने अपने कौशल का इस्तेमाल करते हुए शानदार शतकीय पारी खेली। पहली पारी में बांग्लादेश टीम 233 पर आउट हो गई।
चौथे दिन का खेल बिना किसी रुकावट के शुरू हो गया लेकिन बांग्लादेश ने कुछ विकेट गंवाए। पहले सेशन के खेल में भारतीय टीम के गेंदबाजों ने धाकड़ काम किया और मेहमान बल्लेबाजों के ऊपर लगाम कसने में सफलता हासिल की लेकिन मोमिनुल हक क्रीज पर जमकर खड़े हो गए।

चौथे दिन भारत को पहली सफलता मुशफिकुर रहीम के रूप में मिली। वह 11 रनों के निजी स्कोर पर बुमराह की गेंद पर आउट होकर चलते बने। उनके बाद खेलने के लिए आए लिटन दास को सिराज और रोहित की जुगलबंदी ने आउट कर दिया।
सिराज की गेंद को कवर्स के ऊपर से खेलने के बाद लिटन दास को जाना पड़ा। यहाँ रोहित शर्मा ने एक सनसनीखेज कैच पकड़ लिटन दास को वापस भेज दिया। लिटन दास ने 13 रन बनाए। मामला यहीं नहीं रुका। शाकिब अल हसन भी आते ही चलते बने। उनको अश्विन ने सिराज के हाथों कैच करा दिया। वह 9 रन बनाकर चलते बने।
इन सबके बीच मोमिनुल हक क्रीज पर टिके रहे और रन बनाते चले गए। मोमिनुल हक ने लंच से पहले शतक जमा दिया। वह बांग्लादेशी पारी को बिखरने से बचाने में सफल रहे। अन्य कोई बल्लेबाज क्रीज पर टिकने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। लंच के बाद बांग्लादेश की टीम 233 पर आउट हो गई लेकिन मोमिनुल 107 रन बनाकर नाबाद लौटे। बुमराह को 3 विकेट मिले, सिराज, अश्विन, आकाश दीप को 2-2 विकेट मिले।
इससे पहले तीन तीन दिनों के खेल में बारिश और खराब आउटफील्ड के कारण मैच नहीं हो पाया था। पहले दिन भारत ने टॉस जीतकर बांग्लादेश को बैटिंग करने के लिए बुलाया था। महज 35 ओवरों का खेल ही सम्पन्न हो पाया था। इसके बाद अगले दो दिन का खेल पूरी तरह खराब हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications