'आपके दुश्मन ज्यादा दिन तक नहीं रोक पाएंगे', गंभीर-अगरकर को मोहम्मद शमी का करारा जवाब
Mohammed Shami on Gautam Gambhir and Ajit Agarkar: अनुभवी भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने एक बार फिर मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर और टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर पर गुस्सा जाहिर किया है। मोहम्मद शमी को आगामी भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका टेस्ट सीरीज के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया है। जबकि बंगाल के उनके साथी आकाश दीप को मौका मिला है।
फिर फूटा मोहम्मद शमी का गुस्सा (Mohammed Shami on Gautam Gambhir and Ajit Agarkar)
चयन न होने के बाद शमी ने अपने हालिया यूट्यूब वीडियो में फैंस के सवालों का जवाब देते हुए अपनी भड़ास निकाली। शमी ने अपने अनुभव के आधार पर कहा कि कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर आपमें हुनर है तो आपको कोई नहीं रोक सकता। आपको बस मेहनत करते रहना है। अभ्यास करना है और अपनी क्षमता के अनुसार सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करनी है।

मेहनत करने वालों की नहीं होती हार
उन्होंने आगे कहा कि अगर आप ईमानदार, मेहनती और अच्छा प्रदर्शन करने वाले हैं तो आपके दुश्मन या जिन लोगों पर आप भरोसा नहीं करते, वे भी आपको ज़्यादा देर तक रोक नहीं सकते। हुनर हमेशा दिखता है। शमी का यह बयान दक्षिण अफ्रीका टेस्ट सीरीज के लिए उन्हें नजरअंदाज किए जाने के एक दिन बाद आया है। शमी के इस बयान पर फैंस भी लगातार अपना रिएक्शन दे रहे हैं।
फिटनेस पर सवाल, प्रदर्शन से जवाब
36 वर्षीय मोहम्मद शमी लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने इस साल मार्च में भारत की चैंपियंस ट्रॉफी जीत के दौरान आखिरी बार राष्ट्रीय रंग की जर्सी पहनी थी। आईपीएल में संघर्ष के बाद उनकी फिटनेस पर सवाल उठे थे, लेकिन शमी ने अपने प्रदर्शन से जवाब दिया है। वह रणजी ट्रॉफी में शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 5 पारियों में 15 विकेट लिए हैं, जिसमें एक पांच विकेट हॉल भी शामिल है।
कोच ने टीम मैनेजमेंट पर उठाए सवाल
मोहम्मद शमी के कोच मोहम्मद बदरुद्दीन ने भी टीम प्रबंधन पर निशाना साधा है। उनका मानना है कि टीम प्रबंधन ने शमी को टेस्ट टीम में न लेने का मन बना लिया है। बदरुद्दीन ने 'इंडिया टुडे' से कहा कि मेरा विचार सीधा है, वे उसे नज़रअंदाज कर रहे हैं, यह साफ है। कोई और कारण समझ में नहीं आता। जब कोई खिलाड़ी टेस्ट मैच खेल रहा हो, दो मैचों में 15 विकेट ले रहा हो, तो वह अनफिट नहीं दिखता।












Click it and Unblock the Notifications