बुमराह के साथ अपनी जोड़ी को लेकर बोले मोहम्मद शमी, हमें पता था कि हम दोनों को क्या करना है?
लंदन, जुलाई 13। इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में जसप्रीत बुमराह के साथ-साथ मोहम्मद शमी ने भी घातक गेंदबाजी की थी। उन्होंने 7 ओवर के स्पेल में 4.40 की इकॉनोमी से 31 रन देकर 3 विकेट हासिल किए थे। बुमराह के साथ मिलकर मोहम्मद शमी ने इंग्लैंड की बल्लेबाजी की गाड़ी को पूरी तरह से पटरी से उतारने का काम किया था। बता दें कि शमी ने इससे पहले अपना आखिरी वनडे मैच में साल 2020 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में खेला था। शमी ने लंबे समय के बाद वनडे टीम में वापसी की और आते ही अपनी गेंदबाजी से सभी को इंप्रेस कर दिया।

परफॉर्मेंस को लेकर क्या बोले शमी?
अपने प्रदर्शन को लेकर शमी ने कहा है कि जैसे ही हमने गेंदबाजी की शुरुआत की तो हमें यह पता चल गया था कि गेंद थोड़ी रूक कर आ रही है और थोड़ी सीम कर रही है, ऐसे में जरूरी था कि अपने एरिया को चुनकर सही लाइन और लेंथ के साथ गेंदबाजी करना जो हमने किया। हमने इस मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिया है और सीरीज में आगे भी यही प्रदर्शन जारी रहेगा। शमी ने आगे कहा कि मैं और बुमराह सही स्विंग और सीम का अच्छा इस्तेमाल कर रहे थे, जिससे बल्लेबाजों को बैटिंग करना काफी कठिन हो गया।
बुमराह के साथ जोड़ी पर क्या बोले शमी?
इस दौरान मोहम्मद शमी ने बुमराह के साथ अपनी जोड़ी को लेकर कहा कि हम दोनों इतने लंबे समय से एक साथ क्रिकेट खेल रहे हैं कि हम दो शब्दों में समझ जाते हैं कि हमें मैच में करना क्या है? जब मैंने पहला ओवर डाला तो मुझे पता चल गया था कि स्विंग मिल रहा है तो मैंने बुमराह को बताया तो उसने उसी हिसाब से गेंदबाजी की, जिसका नतीजा है कि उसने बहुत अच्छी विकेट निकाली।
शमी ने 2020 के बाद की वनडे टीम में वापसी
आपको बता दें कि मोहम्मद शमी 2020 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी वनडे खेले थे। इसके बाद से ही वो वनडे टीम से बाहर थे। वापसी को लेकर शमी ने कहा कि मेरे लिए यह ब्रेक छोटा नहीं था, मैं पूरे तीन साल वनडे टीम से बाहर रहा। आज जब मैंने वापसी की तो मेरे दिमाग में ब्रेक को लेकर कुछ नहीं चल रहा था, बल्कि मैं टीम के बेहतर कर सकूं इसी सोच के साथ खेल रहा था। शमी ने कहा कि टीम में हर कोई इतना क्रिकेट खेल रहा है कि सभी को अपना जॉब मालूम है। ऐसे में फिर भी अगर मन में कोई सवाल आता है तो यह ठीक नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications