'बल्लेबाजों की नाकामी टीम इंडिया को ले डूबेगी', सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच पाएगा भारत, दिग्गज का दावा
T20 World Cup semi-finals Teams: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज में भारतीय टीम का प्रदर्शन दमदार रहा। लेकिन भारत के लिए आगे की राह आसान नहीं रहने वाली है। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने एक चौंकाने वाली भविष्यवाणी करते हुए कहा है कि डिफेंडिंग चैंपियन भारत इस बार सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो सकता है।
भारतीय बल्लेबाजी पर उठे सवाल (T20 World Cup semi-finals Teams)
आमिर के मुताबिक सुपर-8 में दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज जैसी टीमें भारत के लिए बड़ी चुनौती साबित होंगी। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में नीदरलैंड के खिलाफ मिली जीत के बाद भारत ने सुपर-8 में प्रवेश तो कर लिया, लेकिन टीम की बल्लेबाजी ने फैंस को चिंता में डाल दिया है। एक टीवी शो 'हारना मना है' के दौरान आमिर ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच को छोड़कर, लगभग हर मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह ढहती नजर आई है।

अभिषेक शर्मा का फॉर्म टीम के लिए बड़ी चिंता
अभिषेक शर्मा का फॉर्म चर्चा का विषय है, वह टूर्नामेंट में अब तक खाता खोलने में नाकाम रहे हैं और तीन बार 'डक' पर आउट हो चुके हैं। आमिर का मानना है कि दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज जैसी टीमें भारत की इस कमजोरी का पूरा फायदा उठा सकती हैं। सुपर-8 के ग्रुप-A में भारत का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज और उलटफेर करने में माहिर जिम्बाब्वे से होगा।
क्या भारत होगा सेमीफाइनल से बाहर
जब आमिर से सेमीफाइनल के लिए दो पसंदीदा टीमों के नाम पूछे गए, तो उन्होंने भारत को नजरअंदाज करते हुए दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज को चुना। आमिर ने तर्क दिया कि सुपर-8 मैचों में दबाव बहुत अधिक होगा। जिस तरह से अफ्रीका और वेस्टइंडीज की टीमें खेल रही हैं, वे किसी भी टीम को हराने का दम रखती हैं। सुपर-8 के दूसरे ग्रुप (ग्रुप-B) की बात करते हुए आमिर ने पाकिस्तान और न्यूजीलैंड को सेमीफाइनल के लिए अपनी पसंद बताया।
न्यूजीलैंड से होगा पाकिस्तान का मुकाबला
इस ग्रुप में इंग्लैंड और श्रीलंका जैसी मजबूत टीमें भी शामिल हैं। सुपर-8 का रोमांच शनिवार, 21 फरवरी से कोलंबो में शुरू हो रहा है, जहां पाकिस्तान का मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम अपनी सुपर-8 चुनौती की शुरुआत रविवार, 22 फरवरी को अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ करेगी। इसके बाद टीम चेन्नई और कोलकाता का रुख करेगी।












Click it and Unblock the Notifications