MI vs RR: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की बुमराह के खिलाफ अग्निपरीक्षा, क्या फिर चलेगा बिजली की स्पीड से बल्ला?
Vaibhav Sooryavanshi vs Jasprit Bumrah: मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच आज होने वाले मुकाबले में सभी की नजरें दो खिलाड़ियों पर टिकी रहेंगी। एक तरफ हैं दुनिया के सबसे खतरनाक गेंदबाजों में गिने जाने वाले जसप्रीत बुमराह, तो दूसरी ओर हैं महज 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से पहले ही सबका ध्यान खींच लिया है।
इस मैच की सबसे दिलचस्प बात यही होगी कि सूर्यवंशी पहली बार बुमराह का सामना करेंगे। अब तक खेले गए दो मैचों में इस युवा खिलाड़ी ने जिस अंदाज में बल्लेबाजी की है, उसने विरोधी टीमों को चौंका दिया है। ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि क्या वह आज भी उसी अंदाज में खेल पाएंगे, जब सामने बुमराह जैसे अनुभवी और सटीक गेंदबाज होंगे।

सूर्यवंशी क्या करने वाले हैं?
राजस्थान रॉयल्स की टीम में सूर्यवंशी को खुलकर खेलने की पूरी आजादी मिली हुई है। उनकी भूमिका साफ है, आते ही तेजी से रन बनाना। यही कारण है कि वह शुरुआत से ही गेंदबाजों पर हमला करते नजर आते हैं। उनकी बैटिंग स्टाइल में डर कम और आत्मविश्वास ज्यादा दिखाई देता है, जो उन्हें खास बनाता है।
दूसरी ओर बुमराह जैसे सीनियर गेंदबाज के सामने यह मुकाबला आसान नहीं होगा। अगर सूर्यवंशी उनके खिलाफ भी आक्रामक अंदाज अपनाते हैं और सफल रहते हैं, तो यह उनके करियर का बड़ा मोमेंट हो सकता है। एक 15 साल का खिलाड़ी बुमराह पर हावी हो जाता है, तो सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा और मीम्स देखने को मिल सकते हैं।
वैभव सूर्यवंशी ने दो मैचों में किया धमाका
अब तक सूर्यवंशी ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 52 और गुजरात टाइटंस के खिलाफ 31 रनों की तेज पारियां खेली हैं। इन पारियों ने दिखा दिया है कि वह बड़े मंच पर खेलने के लिए तैयार हैं। ऐसे में आज का मुकाबला उनके लिए एक असली परीक्षा जैसा होगा, जहां यह साफ हो जाएगा कि वह दबाव में कितना टिक पाते हैं।
बुमराह की क्या रहेगी रणनीति
सूर्यवंशी तेज गेंदों के सामने अपनी बैट स्पीड से कहर बरपाते हैं, ऐसे में बुमराह उनके सामने धीमी गति की गेंद का इस्तेमाल कर सकते हैं। वह कम गति की गेंदों से बल्लेबाजों को परेशानी करते रहते हैं। सूर्यवंशी के सामने उनकी रणनीति देखने लायक होगी।












Click it and Unblock the Notifications