IPL 2025: पहले ही मैच में BCCI ने हार्दिक पंड्या पर लिया बड़ा एक्शन, एक गलती पर ठोक दिया 12 लाख का फाइन
मुंबई इंडियंस (MI) के कप्तान हार्दिक पंड्या पर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के उनके पहले ही मैच में बड़ा झटका लगा है। गुजरात टाइटन्स (GT) के खिलाफ मुकाबले के दौरान स्लो ओवर-रेट बनाए रखने के चलते उन पर बीसीसीआई (BCCI) ने 12 लाख रुपये का भारी भरकम जुर्माना लगा दिया है।
शनिवार, 29 मार्च को खेले गए इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस को गुजरात टाइटन्स के हाथों 36 रनों से हार झेलनी पड़ी। इसके साथ ही हार्दिक की कप्तानी में MI को लगातार दूसरी हार मिली।

आईपीएल की आचार संहिता के आर्टिकल 2.2 के तहत स्लो ओवर रेट के कारण यह उनकी टीम का इस सीजन का पहला अपराध था, इसलिए पंड्या पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। आईपीएल ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर इस जुर्माने की पुष्टि की।
हार्दिक का विवाद और घटनापूर्ण दिन
अहमदाबाद में अपने पुराने घरेलू मैदान पर लौटे हार्दिक पंड्या का दिन विवादों से भरा रहा। दूसरी पारी के दौरान उनकी GT के खिलाड़ी साई किशोर से तीखी नोकझोंक हो गई, जिसे अंपायरों को आकर शांत कराना पड़ा। हालांकि, मैच के बाद दोनों खिलाड़ियों को हंसते हुए देखा गया और साई किशोर ने कहा कि यह सब मैदान पर खेल का हिस्सा था और उनके बीच कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है।
MI की अगली परीक्षा KKR के खिलाफ
मुंबई इंडियंस के लिए अब आगे की राह आसान नहीं होने वाली है। हार्दिक की अगुआई में टीम को अपना अगला मुकाबला 31 मार्च को अपने घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ खेलना है। देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह जुर्माना MI के प्रदर्शन पर कोई असर डालता है या नहीं।
गुजरात टाइटन्स (GT) ने मुंबई इंडियंस (MI) को 36 रनों से हराकर IPL 2025 में अपनी पहली जीत दर्ज की। बल्लेबाजी करने उतरी GT ने 20 ओवरों में 196/8 का स्कोर बनाया, जिसमें बी साई सुदर्शन का अर्धशतक और कप्तान शुभमन गिल और जोस बटलर का अच्छा योगदान रहा।
MI का रन चेज पहले ओवर से ही बिखर गया, जब मोहम्मद सिराज ने रोहित शर्मा को आउट कर दिया। सूर्यकुमार यादव ने 48 रन बनाए, लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए MI को पीछे खींच लिया। MI के कप्तान हार्दिक पांड्या ने गेंद से अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन बल्ले से फ्लॉप रहे।












Click it and Unblock the Notifications