मैथ्यूज-चाँडीमल ने अफगानी गेंदबाजों को पूरे दिन दौड़ाया, श्रीलंका ने कोलम्बो टेस्ट में खड़ा किया रनों का पहाड़
Sri Lanka vs Afghanistan: कोलम्बो में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में श्रीलंका ने अफगानिस्तान के ऊपर शिकंजा कस दिया है। टेस्ट मैच के दूसरे दिन श्रीलंकाई टीम ने अपनी पहली पारी में 6 विकेट पर 410 रनों का विशाल स्कोर हासिल कर लिया। श्रीलंका के पास अब पहली पारी में कल 212 रनों की बढ़त हो गई है।
एंजेलो मैथ्यूज और दिनेश चाँडीमल के बीच चौथे विकेट के लिए एक बड़ी भागीदारी देखने को मिली। चौथे विकेट के लिए दोनों ने 200 से ज्यादा रनों की साझेदारी करते हुए श्रीलंका को एक बड़ी बढ़त की तरफ धकेल दिया। अफगानिस्तान की टीम पहली पारी में 198 पर आउट हुई थी।

श्रीलंका को चौथा झटका दिनेश चाँडीमल के रूप में लगा। वह शतक जड़ने में सफल रहे और 107 के निजी स्कोर पर आउट हुए। उधर एंजेलो मैथ्यूज भी पीछे नहीं रहने वाले थे। मैथ्यूज के बल्ले ने भी आग उगली और अफगानिस्तान के कम अनुभवी गेंदबाजों को निशाना बनाया।
मैथ्यूज के बल्ले से 141 रनों की पारी देखने को मिली। वह 14 चौके और 3 छक्के जड़ने में सफल रहे। दिन का खेल समाप्त होने तक सदीरा समरविक्रमा क्रीज पर बने हुए थे। वह 21 रनों के निजी स्कोर पर थे। तीसरे दिन का खेल दोनों टीमों के लिए अहम रहने वाला है।
अफगानिस्तान की टीम काफी ज्यादा पीछे है। अगर दूसरी पारी में श्रीलंकाई टीम उसे पारी से हरा दे, तो कोई आश्चर्य वाली बात नहीं होनी चाहिए। अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने दूसरे दिन विकेटों के लिए कड़ी मेहनत की। नवीद जादरान और कैस अहमद ने 2-2 विकेट अपने नाम किये हैं। अभी 4 खिलाड़ी और आउट करने हैं।
श्रीलंका टीम जीत की तरफ बढ़ रही है। दोनों टीमों के बीच टेस्ट इतिहास का यह पहला ही टेस्ट मुकाबला खेला जा रहा है। इस मुकाबले के बाद सफेद गेंद प्रारूप में सीरीज खेली जाएगी। वनडे और टी20 दोनों फ़ॉर्मेट में मुकाबले खेले जाने हैं।












Click it and Unblock the Notifications