IPL Retention: सिर्फ 4 मैच खेलकर बिहार का लाल हुआ मालामाल! फीस हुई 20 लाख से सीधे 11 करोड़
IPL Retention 2025: मेगा ऑक्शन से पहले सभी टीमों ने अपने-अपने रिटेंशन खिलाड़ियों का ऐलान कर दिया है। इस रिटेंशन में कुछ हैरान करने वाले नाम भी सामने आए। जबकि कुछ फैसले ऐसे भी रहे, जिसकी आलोचना क्रिकेट के दिग्गज लगातार कर रहे हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स, आरसीबी और दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने अपने कप्तानों को रिलीज कर काफी बड़ा फैसला लिया है।
लखनऊ सुपर जायंट्स में नहीं होंगे राहुल
केएल राहुल पिछले 3 सीजन से लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान थे। लेकिन अगले सीजन वह एक नई टीम की तरफ से खेलते हुए नजर आएंगे। लखनऊ सुपर जायंट्स फ्रेंचाइजी के मालिक संजीव गोयनका के साथ पिछले सीजन केएल राहुल की बहस भी देखने को मिली थी। रिपोर्ट्स की मानें तो लखनऊ की टीम ने केएल राहुल को रिटेन करने के लिए काफी बड़ी रकम का ऑफर दिया था, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया।

बिहार के लाल मयंक यादव बने करोड़पति
'राजधानी एक्सप्रेस' के नाम से मशहूर बिहार के लाल मयंक यादव को लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम ने रिटेन किया है। पिछले सीजन मयंक यादव को 20 लाख रुपये में खरीदा गया था। आईपीएल में सिर्फ चार मैच खेलने के बावजूद टीम ने उन पर भरोसा जताया और 11 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ने में कामयाबी हासिल की। हालांकि, पिछले कुछ समय से मयंक यादव इंजरी से जूझते नजर आए हैं।
अपनी रफ्तार से कहर बरपा चुके हैं मयंक
फैंस के बीच मयंक यादव की चर्चाएं भी तेज हो गई है। आईपीएल डेब्यू में अपनी रफ्तार से कहर बरपाने के बाद भारत के लिए भी टी-20 फॉर्मेट में अपना दमखम दिखाया। मयंक का जन्म 17 जुलाई 2002 को दिल्ली के मोती नगर इलाके में हुआ था। वे दाएं हाथ गेंदबाजी करने के साथ-साथ लोअर ऑर्डर में अच्छी बल्लेबाजी करने के लिए भी जाने जाते हैं। मयंक यादव की स्कूलिंग पंजाबी बाग स्थित एसएम आर्या स्कूल से हुई।
क्रिकेटर बनाने में रहा है पिता का बड़ा हाथ
बहुत छोटी उम्र से ही मयंक को क्रिकेट की दुनिया से उनके पिता प्रभु यादव ने परिचित कराया। मयंक के पिता क्रिकेट के बहुत बड़े फैन हैं। मयंक जब पांच साल के थे, तब उन्होंने अपने बेटे को एक बल्ला और गेंद गिफ्ट में दी थी, यही से मयंक का क्रिकेट सफर की शुरुआत हुई थी। सात साल की उम्र में ही मयंक ने क्रिकेट की दुनिया में अपना पहला कदम रखा और रोहतक रोड पर जिमखाना क्रिकेट क्लब में हिस्सा लिया। मयंक यादव आने वाले समय में भारतीय टीम के फ्यूचर स्टार साबित हो सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications