क्या लिटन दास का परिवार सुरक्षित नहीं? बांग्लादेश के हिन्दू क्रिकेटर ने चुप्पी तोड़ पहली बार दिया रिएक्शन
बांग्लादेश में हिंसा की वजह से इस समय स्थिति काफी खराब चल रही है। आगजनी की घटनाएँ भी देखने को मिल रही हैं और अल्पसंख्यकों के खिलाफ बढ़ रहे अत्याचार के कारण हिन्दू कम्युनिटी सड़कों पर उतर गई। इस बीच कुछ खबरें आई थीं कि क्रिकेटर लिटन दास का घर भीड़ ने जला दिया है।
हालांकि बाद में इन खबरों पर सत्यता कुछ और ही थी। मशरफे मोर्तजा का घर जला दिया गया था क्योंकि वह पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी से सांसद हैं। पूरे मामले को लेकर लिटन दास की तरफ से अब पहली प्रतिक्रिया देखने को मिली है। दास ने पहला रिएक्शन दिया है।

लिटन दास ने सोशल मीडिया पर लिखा कि मेरे देश के लोगों, मैं कुछ कहना चाहता हूँ। हाल ही में एक खबर फैलाई गई कि मेरा घर जला दिया गया है। यह पूरी तरह से गलत है। इन अफवाहों पर भरोसा मत करना। मैं और मेरा परिवार पूरी तरह सुरक्षित हैं।
लिटन दास ने आगे लिखा कि मैं पूरी तरह से मानता हूँ कि बांग्लादेश एक गैर-साम्प्रदायिक देश है। हमें यह देखना है कि देश को मिलकर कैसे आगे लेकर जा सकते हैं। देश के अन्य लोगों की तरफ मेरे दिनाजपुर के लोग जिस तरह बचाव के लिए आगे आए हैं, यह प्रशंसनीय काम है। उम्मीद है कि हम साथ रहेंगे और किसी भी तरह की हिंसा से देश को दूर रखेंगे। यह देश हम सभी का है।
गौरतलब है कि बांग्लादेश की टीम को अब पाकिस्तान दौरे पर जाना है और पीसीबी ने उनको एक सप्ताह पहले आने का निमंत्रण दिया है। इस समय चल रही हिंसा के कारण पीसीबी ने यह निमंत्रण दिया है। दोनों देशों के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जानी है।
बांग्लादेश की टीम को लाहौर में ट्रेनिंग करना है और इसके बाद इस्लामाबाद में भी प्रैक्टिस होगी। वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के अंतर्गत यह टेस्ट सीरीज होने वाली है। 21 अगस्त से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज रावलपिंडी स्टेडियम में खेली जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications