काउंटी मैच में बल्लेबाजी के दौरान चोटिल हुए पांड्या, 3 हफ्ते तक रहेंगे मैदान से दूर
भारतीय क्रिकेट टीम के लिए एस बुरी खबर सामने आ रही है। काउंटी क्रिकेट में खेल रहे क्रुणाल पांड्या (Krunal Pandya) चोटिल होने के चलते रॉयल लंदन कप से बाहर हो गए हैं।
नई दिल्ली, 23 अगस्त: भारतीय क्रिकेट टीम के लिए एक बुरी खबर सामने आ रही है। काउंटी क्रिकेट में खेल रहे ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या (Krunal Pandya) चोटिल होने के चलते रॉयल लंदन कप से बाहर हो गए हैं। क्रुणाल इंग्लैंड के इस टूर्नामेंट में वारविकशायर की टीम का हिस्सा थे। उन्होंने जुलाई में वारविकशायर क्लब के साथ करार किया था। वारविकशायर ने सोमवार को पांड्या के बाहर होने की पुष्टि की।

ग्रोइंग इंजरी का हुए शिकार
17 अगस्त को वारविकशायर और नॉटिंघमशायर के बीच एक मुकाबला खेला गया था, जहां बल्लेबाजी के दौरान क्रुणाल पांड्या को चोट लगी। क्रुणाल 28 गेंदों में 37 रन बनाकर आउट हुए और बाद में फील्डिंग के लिए मैदान पर नहीं लौटे। इस मैच के बाद वह मिडलसेक्स और डरहम के खिलाफ हुए मुकाबले में भी टीम के स्क्वाड का हिस्सा नहीं थे। ऑलराउंडर पांड्या कम से कम 3 हफ्तों के लिए क्रिकेट के मैदान से दूर हो गए हैं।

सामने आया बयान
वारविकशायर क्लब ने एक प्रेस रिलीज जारी कर कहा, ''डॉक्टरों के परामर्श के बाद क्रुणाल पांड्या के 3 सप्ताह तक क्रिकेट से दूर रहने की संभावना है और इसलिए वारविकशायर के नॉकआउट चरण में पहुंचने पर भी वह चयन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।''
क्लब के डायरेक्टर पॉल फारब्रेस ने अपने बयान में कहा, ''टूर्नामेंट के बचे मुकाबलों के लिए क्रुणाल का टीम में ना होना निराशाजनक है, लेकिन वह हमारी शुभकामनाओं के साथ क्लब से जा रहा है।''
𝗞𝗿𝘂𝗻𝗮𝗹 𝗣𝗮𝗻𝗱𝘆𝗮 𝗿𝗲𝘁𝘂𝗿𝗻𝘀 𝗵𝗼𝗺𝗲 𝗱𝘂𝗲 𝘁𝗼 𝗶𝗻𝗷𝘂𝗿𝘆 😔
💬 "It's frustrating to lose Krunal for the remainder of the tournament, but he leaves the Club with our very best wishes."📝 https://t.co/1T2oLAOfVJ🐻#YouBears pic.twitter.com/rgiEWrP5k7— Warwickshire CCC 🏏 (@WarwickshireCCC) August 22, 2022

कैसा रहा प्रदर्शन
31 वर्षीय खिलाड़ी ने इस सीजन वारविकशायर के लिए 5 लिस्ट ए मैच खेले और 34 की औसत से कुल 134 रन बनाए। सरे के खिलाफ उन्होंने 82 गेंदों पर 74 रन की बढ़िया पारी खेली थी। इसके अलावा गेंद के साथ भी उनका अच्छा प्रदर्शन देखने को मिला। सीनियर पांड्या ने 5 मुकाबलों में 25 की औसत से कुल 9 खिलाड़ियों को आउट कर मैदान से बाहर का रास्ता दिखाया।
वारविकशायर फिलहाल प्वॉइंट्स टेबल में 9 अंकों के साथ पांचवें पायदान पर है। टीम ने 7 मैचों में से 4 में जीत दर्ज की जबकि 3 में हार का सामना करना पड़ा।

भारत के लिए खेले 24 मैच
क्रुणाल पांड्या अभी तक टीम इंडिया के लिए 24 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। 2018 में उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ T20I डेब्यू और 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे डेब्यू किया था। 19 T20I मैचों में पांड्या ने 124 रन बनाने के अलावा 15 विकेट चटकाए हैं। वहीं, 5 एकदिवसीय मैचों में वह 130 रन बनाने के अलावा 2 विकेट ले चुके हैं।
वनडे डेब्यू पर क्रुणाल ने इंग्लैंड के खिलाफ केवल 31 गेंदों पर 58 रन की जोरदार पारी खेली थी। उन्होंने केवल 26 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की थी और वनडे डेब्यू पर सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड भी बनाया था।












Click it and Unblock the Notifications