जर्मनी में हुई KL Rahul की सर्जरी, खुद दी फिटनेस अपटेड... इस सीरीज से करेंगे वापसी!
टीम इंडिया के उपकप्तान केएल राहुल (KL Rahul) की ग्रोइंग इंजरी की सर्जरी जर्मनी में हो गई है।
नई दिल्ली: टीम इंडिया के उपकप्तान केएल राहुल (KL Rahul) की ग्रोइंग इंजरी की सर्जरी जर्मनी में हो गई है। राहुल साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली गई 5 मैचों की टी20 सीरीज के शुरू होने से ठीक एक दिन पहले चोटिल हो गए थे। इसी कारण उनको इंग्लैंड दौरे से भी बाहर होना पड़ा। सर्जरी के लिए राहुल जर्मनी गए थे, जो सफल रही। इसकी जानकारी खुद उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस तक पहुंचाई।

स्टाइलिश ओपनर ने ट्विट कर लिखा- ''पिछले कुछ हफ्ते मेरे लिए मुश्किल रहे लेकिन सर्जरी सफल रही। मैं धीरे-धीरे ठीक हो रहा हूं। मैंने ठीक होने के लिए रिकवरी भी शुरू कर दी है। आपके मैसेज के लिए धन्यवाद। जल्द ही मिलते हैं..''
बता दें कि सर्जरी के लिए केएल राहुल अपनी गर्लफ्रेंड और बॉलीवुड अभिनेत्री अथिया शेट्टी (Athiya Shetty) के साथ जर्मनी गए हैँ। जर्मनी के लिए उड़ान भरने से पहले दोनों का मुंबई एयरपोर्ट पर एक वीडियो भी वायरल हुआ था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राहुल एक महीने तक जर्मनी में ही रहेंगे।
इस सीरीज से कर सकते हैं वापसी
फैंस के बीच इस बात को लेकर काफी उत्सुकता है कि केएल राहुल कब भारतीय टीम में वापसी करेंगे। मौजूदा समय में टीम इंडिया इंग्लैंड के दौरे पर है और उसके बाद टीम को वेस्टइंडीज के लिए रवाना होने है। विंडीज दौरे पर राहुल के फिट होने की उम्मीद जताई जा रही है। वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत को 3 वनडे और 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। यह दौरा 22 जुलाई से शुरू होकर 7 अगस्त तक चलेगा। ऐसे में केएल विंडीज दौरे पर होने वाले टीम के चयन के लिए उपलब्ध हो सकते हैं।
इस साल अक्टूबर-नवंबर में ऑस्ट्रेलिया के मैदानों पर टी20 वर्ल्ड कप भी खेला जाना है और इस टूर्नामेंट के लिए राहुल टीम के अहम खिलाड़िय़ों में से एक हैं। आईपीएल-15 में वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज थे। लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने 15 मैचों में 51.33 की औसत से कुल 616 रन बनाए थे। टूर्नामेंट में उनके बल्ले से दो शतक और चार अर्धशतक देखने को मिले थे।












Click it and Unblock the Notifications