IND vs AUS: पिछले मैच के हीरो रहे केएल राहुल का वही पुराना राग, मुश्किल समय में नहीं दे पाए कोहली का साथ
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में टीम इंडिया संकट में है। पहले 10 ओवर के अंदर ही आधी टीम पवेलियन लौट गई है। केएल राहुल ने सिर्फ 9 रन बनाए हैं।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में भारतीय टीम की हालत खस्ता है। दरअसल, टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने आई टीम इंडिया के 50 रन के अंदर ही 5 विकेट गिर गए हैं और इस तरह आधी टीम 10 ओवर खत्म होने से पहले ही पवेलियन जा चुकी है। पहले 10 ओवर के अंदर आउट होने वाले खिलाड़ियों में कप्तान रोहित शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव, केएल राहुल और हार्दिक पांड्या शामिल हैं। रोहित शर्मा को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाया है। सूर्यकुमार यादव तो लगातार दूसरी बार गोल्डन डक का शिकार हुए हैं।
केएल राहुल का फॉर्म में आना था धोखा!
आउट होने वाले शुरुआती पांच खिलाड़ियों में केएल राहुल का भी नाम शामिल है, जो पिछले मैच के हीरो थे। राहुल ने पिछले मैच में 75 रन की शानदार पारी खेली थी और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। पिछले मैच में केएल राहुल की पारी को देखने के बाद हर किसी को यह लगने लगा था कि वो अब फॉर्म में आ गए हैं, लेकिन एक मैच बाद ही यह साबित हो गया कि राहुल के लिए अभी कुछ नहीं बदला है। विशाखापट्टनम वनडे में केएल राहुल ऐसे समय में आउट हुए, जब विराट कोहली को उनकी सबसे अधिक जरूरत थी, लेकिन राहुल अपना विकेट एक महत्वपूर्ण डीआरएस के साथ गंवाकर चले गए। राहुल ने सिर्फ 9 रन का योगदान दिया।
स्टार्क ने भारत को दिए शुरुआती झटके
भारत को शुरुआती झटके देने का काम ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने किया है। स्टार्क ने अपने पहले स्पेल के अंदर घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटका दिए हैं। स्टार्क ने रोहित, शुभमन, सूर्यकुमार और केएल राहुल का विकेट लिया है। भारत की खराब शुरुआत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टॉप 6 में 4 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहं कर पाए हैं। रोहित ने 13, गिल ने 0, सूर्यकुमार ने 0 और केएल राहुल ने 9 रन पर अपना विकेट गंवाया है। खबर लिखे जाने तक भारत को विराट कोहली के रूप में छठा झटका भी लग गया है। कोहली 31 रन बनाकर आउट हो गए हैं। अक्षर पटेल और जडेजा की जोड़ी अभी क्रीज पर है।












Click it and Unblock the Notifications