KL Rahul Record: केएल राहुल ने रचा इतिहास! IPL में बनाया वो रिकॉर्ड जो आज तक कोई नहीं बना सका?
KL Rahul Record: आईपीएल (IPL 2026) में दिल्ली कैपिटल्स (DC) का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक निराशाजनक रही। लेकिन उनके स्टार बल्लेबाज केएल राहुल ने अपने शानदार खेल से इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया है। दिल्ली कैपिटल्स ने लीग चरण के अपने आखिरी मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 40 रनों से हराकर अपने अभियान का अंत जीत के साथ किया। हालांकि, इस जीत के बावजूद दिल्ली की टीम 14 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर रही और प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई।
राहुल ने बनाया छक्कों का महा-रिकॉर्ड (KL Rahul Record)
कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में केएल राहुल दिल्ली के लिए सबसे बड़े संकटमोचक बनकर उभरे। उन्होंने महज 30 गेंदों पर 60 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 4 शानदार छक्के शामिल थे। इन 4 छक्कों की मदद से राहुल ने इस सीजन में अपने कुल छक्कों की संख्या 31 पहुंचा दी। इस आंकड़े को छूते ही वे आईपीएल इतिहास के पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जिसने तीन अलग-अलग फ्रेंचाइजी के लिए खेलते हुए एक सीजन में 30 या उससे अधिक छक्के लगाने का कारनामा किया है।

ऐसा करने वाले बने पहले खिलाड़ी
इससे पहले राहुल यह मुकाम पंजाब किंग्स (PBKS) और लखनऊ सुपर जाइंट्स (LSG) के लिए हासिल कर चुके हैं। उन्होंने पंजाब के लिए साल 2018 में 32 और 2021 में 30 छक्के जड़े थे, जबकि लखनऊ के लिए खेलते हुए साल 2022 में उन्होंने 30 छक्के उड़ाए थे। दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह सीजन उतार-चढ़ाव भरा रहा, लेकिन केएल राहुल का बल्ला लगातार रन उगलता रहा।
जीत के साथ खत्म किया सीजन
केएल राहुल ने 14 पारियों में 593 रन बनाकर अपने अभियान को समाप्त किया और वे फिलहाल इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में चौथे स्थान पर काबिज हैं। केएल राहुल की इसी निरंतरता और ठोस बल्लेबाजी के दम पर दिल्ली की टीम कई मैचों में सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सकी। चूंकि राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को हराकर पहले ही प्लेऑफ का चौथा और आखिरी स्थान पक्का कर लिया था, इसलिए दिल्ली और कोलकाता के बीच यह मैच महज एक औपचारिकता था।
दिल्ली ने जीता मैच
पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने केएल राहुल के 60 रनों और आखिरी ओवरों में डेविड मिलर (28 रन) व आशुतोष शर्मा (18 रन) की तेज पारियों की बदौलत 5 विकेट पर 203 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। 204 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स एक समय 13.1 ओवर में 3 विकेट पर 128 रन बनाकर बेहद मजबूत स्थिति में थी। कप्तान अजिंक्य रहाणे अर्धशतक बनाकर क्रीज पर डटे थे और टीम को जीत के लिए 41 गेंदों में सिर्फ 76 रनों की दरकार थी।
इसके बाद दिल्ली के स्पिनर कुलदीप यादव ने केकेआर के मध्यक्रम को झकझोर कर रख दिया। कुलदीप द्वारा शुरू किए गए इस पतझड़ को अक्षर पटेल और लुंगी एनगिडी ने आगे बढ़ाया, जिसके चलते कोलकाता की पूरी टीम महज 163 रनों पर ढेर हो गई और दिल्ली ने 40 रनों से मैच जीत लिया।















Click it and Unblock the Notifications