IPL 2025: केएल राहुल को लखनऊ सुपर जायंट्स में नहीं थी आजादी? खुद सामने आकर किया सबसे बड़ा खुलासा
IPL 2025: लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ तीन साल रहने के बाद केएल राहुल ने अपनी राहें जुदा कर ली। केएल राहुल की आईपीएल टीम अब नीलामी के बाद सामने आएगी। केएल राहुल को लखनऊ ने रिलीज किया और बाद में मालिक संजीव गोयनका का अजीब बयान भी सामने आया।
संजीव गोयनका ने कहा कि टीम में मैच जिताने वाले प्लेयर्स को प्राथमिकता दी है, खुद के लिए खेलने वाले खिलाड़ियों को नहीं रखा गया। यह केएल राहुल के ऊपर सीधा हमला था। अब तक केएल राहुल ने मामले पर चुप्पी साध रखी थी लेकिन इस बार प्रतिक्रिया देकर चौंकाया है।

केएल राहुल ने छोटा बयान दिया है लेकिन इसके मायने काफी बड़े हैं। केएल राहुल ने खुद अब टीम छोड़ने का कारण बताया है। उनकी प्रतिक्रिया में टीम मैनेजमेंट और मालिकों को जवाब देने का आभास होता है। उन्होंने टीम में आजादी को लेकर बयान दिया है।
स्टार स्पोर्ट्स पर एक इंटरव्यू के दौरान केएल राहुल ने कहा कि मैं एक नई शुरुआत करना चाहता था। मैं अपने विकल्पों की तलाश में था। मैं ऐसी टीम में जाकर खेलना चाहता हूँ जहाँ खेलने के लिए आजादी हो और टीम का माहौल भी अच्छा हो। आपको खुद के लिए अच्छा देखने के लिए आगे बढ़ना होता है।
इस प्रतिक्रिया से साफ़ हो गया कि राहुल को वहां दबाव महसूस हो रहा था। पिछले सीजन एक मैच के दौरान संजीव गोयनका ने केएल राहुल के साथ अभद्र बर्ताव किया था और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैला था। इसके बाद गोयनका की काफी आलोचना हुई थी।
राहुल ने संतुलित प्रतिक्रिया देते हुए लखनऊ टीम मैनेजमेंट से किसी का नाम नहीं लिया लेकिन बड़ी बात कहते हुए नई चर्चा को जन्म दिया है। आईपीएल नीलामी का समय काफी नजदीक आ रहा है। देखना होगा कि केएल राहुल के लिए किस टीम की तरफ से बोली लगेगी।












Click it and Unblock the Notifications