वर्ल्ड कप से पहले न्यूजीलैंड को लगा बड़ा झटका, पहला मैच नहीं खेलेंगे केन विलियमसन, हेड कोच ने बताई वजह
World Cup 2023: भारत की मेजबानी में आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप की शुरुआत 5 अक्टूबर से होने जा रही है। इस टूर्नामेंट की शुरुआत न्यूजीलैंड बनाम इंग्लैंड के मैच के साथ होगी, जोकि पांच अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस बीच खबर मिली है कि न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती मैच में नहीं खेलेंगे।
दरअसल, विलियमसन शुक्रवार को हैदराबाद में पाकिस्तान के खिलाफ न्यूजीलैंड के अभ्यास मैच में बल्लेबाज के रूप में खेलेंगे, जबकि सोमवार को तिरुवनंतपुरम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने अगले अभ्यास मैच में फील्डिंग और बल्लेबाजी करेंगे, लेकिन पूरी तरह से फिट नहीं होने के कारण वह वर्ल्ड कप का पहला मैच नहीं खेलेंगे।

न्यूजीलैंड के मुख्य कोच गैरी स्टीड ने कहा कि, 'शुरू से ही हमने केन की खेल में वापसी पर दीर्घकालिक दृष्टिकोण रखा है।' 'उनकी रिकवरी अच्छी तरह से हो रही है और अब यह सुनिश्चित करना है कि क्या वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का सामने करने के लिए तैयार हैं। हम केन के रिहैबिलिटेशन पर नजर बनाए हुए हैं, और वापसी को लेकर उस पर कोई अतिरिक्त दबाव नहीं डालना चाहते हैं।'
दरअसल, विलियमसन इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2023) के दौरान लगी घुटने की चोट से रिकवरी करने के लिए रिहैब से गुजर रहे हैं। अप्रैल में गुजरात टाइटन्स के लिए फील्डिंग करते समय 32 वर्षीय खिलाड़ी का एंटीरियर क्रूसिएट लिगामेंट (ACL) टूट गया था और बाद में रिहैब शुरू करने से पहले न्यूजीलैंड में उनकी सर्जरी हुई थी। ऐसे में अब करीब छह महीने की छुट्टी के बाद लौटे हैं।
विलियमसन की अनुपस्थिति में टॉम लैथम 5 अक्टूबर को अहमदाबाद में इंग्लैंड के खिलाफ विश्व कप के पहले मैच में न्यूजीलैंड की कप्तानी करेंगे। लैथम दो अभ्यास मैचों में भी नेतृत्व करेंगे, विलियमसन का ध्यान पूरी तरह से 9 अक्टूबर को नीदरलैंड के खिलाफ न्यूजीलैंड के दूसरे विश्व कप मैच के लिए फिट होने पर है।












Click it and Unblock the Notifications