Kamindu Mendis ने जड़े 8 मैचों में 5 शतक और 4 फिफ्टी, कर ली सर डॉन ब्रैडमैन के 94 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी
Kamindu Mendis Equals Don Bradman's Record: श्रीलंका के बल्लेबाज कामिंडू मेंडिस इन दिनों चर्चाओं में बने हुए हैं। न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला गॉल में ही खेला जा रहा है। इस मैच में एक बार कामिंडू मेंडिस ने बल्ले से जोरदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया है। दूसरे दिन कामिंडू मेंडिस ने नाबाद 182 रनों की पारी खेली। हालांकि, उनके पास दोहरा शतक जड़ने का मौका था, लेकिन इससे पहले ही टीम ने पारी घोषित कर दी।
ब्रैडमैन ने की 94 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी
25 साल की उम्र में मेंडिस ने टेस्ट क्रिकेट में 1000 रन बनाने वाले संयुक्त तीसरे सबसे तेज़ खिलाड़ी बनने के महान ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर डॉन ब्रैडमैन के रिकॉर्ड की बराबरी की। यह बड़ी उपलब्धि न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के दौरान मिली। जब मेंडिस ने रचिन रवींद्र की गेंद पर छक्का लगाकर गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचा दिया। उनका नाम अब खेल के कुछ महानतम खिलाड़ियों के साथ जुड़ गया है।

बनाए कई बड़े रिकॉर्ड
मेंडिस की इस उपलब्धि तक पहुंचने के सफर में कई बेहतरीन प्रदर्शन शामिल हैं। जिसमें उनका पांचवां टेस्ट शतक भी शामिल है, जो उन्होंने उसी मैच में बनाया था। इस शतक ने न केवल उनकी बल्लेबाजी की क्षमता को दिखाया है, बल्कि उन्हें टेस्ट क्रिकेट में पांच शतक तक पहुंचने वाले सबसे तेज एशियाई बल्लेबाज भी बनाया। इसके अलावा मेंडिस ने अपने डेब्यू के बाद से लगातार पचास से अधिक स्कोर बनाने का विश्व रिकॉर्ड बनाया है, जिसमें दो साल पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने पहले मैच के बाद आठ अर्धशतक शामिल हैं।
इन खिलाड़ियों का दिखा दम
मेंडिस ने अब तक अपने करियर में 8 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनकी 13 पारियों में उन्होंने 5 शतक और 4 फिफ्टी लगाई हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ कामिंडू के अलावा श्रीलंका से कुसल मेंडिस और दिनेश चांदीमल ने भी शतक लगाए। वहीं 3 प्लेयर्स ने 40 प्लस रन के स्कोर किए। दमदार बल्लेबाजी की बदौलत श्रीलंका ने न्यूजीलैंड के सामने 602 रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया।
सबसे तेज 1000 टेस्ट रन बनाने वाले खिलाड़ी
- हर्बर्ट सुटक्लिफ़ (इंग्लैंड) - 12 पारी
- एवर्टन वीक्स (वेस्टइंडीज) - 12 पारी
- डॉन ब्रैडमैन (ऑस्ट्रेलिया) - 13 पारियां
- कामिंडू मेंडिस (श्रीलंका) - 13 पारी*












Click it and Unblock the Notifications