Kal Ka Match Kon Jeeta 14 January: कल का मैच कौन जीता-भारत vs न्यूजीलैंड
Kal Ka Match Kon Jeeta: भारत और न्यूजीलैंड के बीच राजकोट में खेला गया दूसरा एकदिवसीय मुकाबला भारतीय प्रशंसकों के लिए किसी झटके से कम नहीं रहा। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने बोर्ड पर एक चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था, लेकिन कीवी बल्लेबाजों के इरादे कुछ और ही थे। डेरल मिचेल की शतकीय पारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने इस मुकाबले को 7 विकेट से अपने नाम कर लिया।
भारतीय पारी की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने 38 गेंदों में 24 रन बनाए, वहीं विराट कोहली मात्र 23 रनों पर पवेलियन लौट गए। युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने 53 गेंदों में 56 रन (9 चौके, 1 छक्का) बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन मध्यक्रम एक बार फिर दबाव में बिखरता नजर आया। श्रेयस अय्यर केवल 8 रन ही बना सके।

ऐसे मुश्किल वक्त में विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल ने मोर्चा संभाला। राहुल ने 92 गेंदों में नाबाद 112 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें उन्होंने 11 चौके और 1 गगनचुंबी छक्का लगाया। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने निर्धारित 50 ओवरों में 284/7 का स्कोर बनाया। रवींद्र जडेजा ने भी 27 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। न्यूजीलैंड की ओर से क्रिश्चियन क्लार्क सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने भारतीय ऊपरी क्रम को झकझोरते हुए 3 विकेट लिए।
डेरल मिचेल और विल यंग का पलटवार (Kal Ka Match Kon Jeeta)
285 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत भी धीमी रही। डेवोन कॉनवे (16) और हेनरी निकोल्स (10) को भारतीय गेंदबाजों ने जल्दी आउट कर भारत को मैच में वापस ला दिया था। लेकिन इसके बाद विल यंग और डेरल मिचेल के बीच हुई शतकीय साझेदारी ने टीम इंडिया के हाथों से मैच छीन लिया।
विल यंग ने संभलकर खेलते हुए 87 रन बनाए, लेकिन असली तबाही डेरल मिचेल ने मचाई। मिचेल ने भारतीय गेंदबाजों की क्लास लेते हुए मात्र 117 गेंदों में नाबाद 131 रन कूट डाले। उनकी इस पारी में 11 चौके और 2 छक्के शामिल थे। अंत में ग्लेन फिलिप्स ने 25 गेंदों में 32 रनों की नाबाद पारी खेलकर न्यूजीलैंड को 47.3 ओवर में ही जीत दिला दी। भारत की ओर से हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव को 1-1 विकेट मिला।
भारत के लिए चिंता का विषय (Kal Ka Match Kon Jeeta)
केएल राहुल का फॉर्म में वापस आना भारत के लिए अच्छी खबर है, लेकिन राजकोट की सपाट पिच पर भारतीय गेंदबाजों का बेअसर होना चिंता का विषय बन गया है। 284 रनों का बचाव करने में नाकाम रही टीम इंडिया को अब सीरीज बचाने के लिए अगले मैच में अपनी रणनीति पर काम करना होगा।












Click it and Unblock the Notifications