2023 वर्ल्ड कप के बायकॉट की धमकियों पर बोले अश्विन, पाकिस्तान के लिए यह संभव नहीं है
टीम इंडिया के ऑफ स्पिनर आर अश्विन ने कहा है कि पाकिस्तान के लिए 2023 विश्व कप का बहिष्कार करना इतना आसान नहीं होगा, यह संभव नहीं है।

इसी साल भारत में होने वाले वनडे विश्व कप को लेकर पाकिस्तान से आ रही बायकॉट की धमकियों पर टीम इंडिया के ऑफ स्पिनर आर अश्विन ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। आर अश्विन का मानना है कि पाकिस्तान के लिए ऐसा करना बिल्कुल भी आसान नहीं रहेगा। आपको बता दें कि इन दिनों भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट संबंध की गाड़ी पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है। इसकी वजह है दोनों देशों का एक-दूसरे के यहां क्रिकेट खेलने के लिए राजी नहीं होना। दरअसल, इसी साल एशिया कप की मेजबानी अभी तक पाकिस्तान के पास है और भारत एशिया कप के लिए पाकिस्तान जाने से इनकार कर चुका है, बदले में पाकिस्तान ने भी वर्ल्ड कप के लिए भारत नहीं आने की धमकी दी है।
वर्ल्ड कप का बहिष्कार इतना आसान नहीं है- अश्विन
अब इस विवाद पर अश्विन का मानना है कि पाकिस्तान के लिए वर्ल्ड कप का बायकॉट करना आसान नहीं रहेगा, क्योंकि वो अंतरराष्ट्रीय स्तर की बात है और पाकिस्तान को किसी भी हाल में भारत में आकर ही वर्ल्ड कप खेलना होगा। अश्विन ने कहा है,"एशिया कप का आयोजन पाकिस्तान में होना था, लेकिन भारत ने वहां पर जाने से मना कर दिया। भारत ने कहा कि वेन्यू चेंज होने पर ही वो एशिया कप में खेलेंगे। ये चीजें कई बार हो चुकी हैं। जब हम कहते हैं कि हम वहां पर खेलने नहीं जाएंगे तब वो भी कहते हैं कि वो खेलने नहीं आएंगे। पाकिस्तान ने भी कहा कि वो वर्ल्ड कप खेलने भारत नहीं आएंगे, लेकिन ये संभव नहीं है। एशिया कप का आयोजन हो सकता है कि श्रीलंका में कराया जाए। अगर वहां पर ये होता है तो मुझे काफी खुशी होगी।"
क्या है मामला ?
आपको बता दें कि पिछले साल एशिया कप की मेजबानी पाकिस्तान को सौंपी गई थी। इस साल एशिया कप का आयोजन पाकिस्तान में होना है, लेकिन भारत ने पाकिस्तान जाने से इनकार कर दिया है। बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने यह कहा था कि भारतीय टीम पाकिस्तान में जाकर नहीं खेलेगी, बल्कि हम किसी तटस्थ स्थान पर मैच खेल सकते हैं। पाकिस्तान ने इसका विरोध किया था। जवाब में पाकिस्तान ने भी यह धमकी देना शुरू कर दिया कि अगर भारतीय टीम पाकिस्तान में आकर नहीं खेलेगी तो हम भी वर्ल्ड कप के लिए भारत की यात्रा नहीं करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications