'मैं 200 फीसदी श्योर हूं कि शमी मैच फिक्सिंग नहीं कर सकता', हसीन जहां के आरोप पर ईशांत ने तोड़ी चुप्पी
Ishant Sharma On Mohammed shami: भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी पर उनकी पत्नी हसीन जहां ने घरेलू हिंसा और मैच फिक्सिंग सहित कई गंभीर आरोप लगाए थे।

Ishant Sharma On Mohammed shami: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। सिर्फ गेंद ही नहीं वह बल्ले के साथ भी टीम के लिए काफी उपयोगी साबित हो रहे हैं। नागपुर के कठिन पिच पर मोहम्मद शमी ने टीम के लिए ताबड़तोड़ 37 रनों की पारी खेली थी। मोहम्मद शमी अपनी पर्सनल लाइफ की वजह से भी पिछले कुछ सालों से लगातार सुर्खियों में रहे हैं।

शमी पर वाइफ ने लगाए थे कई आरोप
मोहम्मद शमी पर उनकी पत्नी हसीन जहां ने कई गंभीर आरोप लगाए थे। इन आरोपों में एक आरोप ऐसा था जिससे शमी के क्रिकेटर करियर पर बड़ा असर पड़ा। दरअसल, शमी से अलग हो चुकी उनकी पत्नी हसीन जहां ने शमी पर मैच फिक्सिंग का आरोप लगाया था। जिसके बाद बीसीसीआई ने शमी का कॉन्ट्रेक्ट कैंसिल कर दिया था। अब इस पर शमी के साथी तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा ने अपनी चुप्पी तोड़ी है।

शमी को लेकर ईशांत ने कही दिल की बात
क्रिकबज से बात करते हुए मोहम्मद शमी को लेकर ईशांत शर्मा ने कुछ बातों का जिक्र किया। ईशांत ने बताया कि शमी उनसे उस दौरान लगातार अपनी निजी जीवन को लेकर बातें किया करते थे। मैच फिक्सिंग के आरोप पर ईशांत ने कहा कि शमी ने इस संबंध में मुझसे काफी बात की। जो कुछ हुआ उसके बाद बीसीसीआई की एंटी करप्शन यूनिट ने टीम के सभी प्लेयर्स से संपर्क किया और शमी को लेकर जानकारी हासिल करने की कोशिश की।

मैं 200 फीसदी श्योर हूं कि शमी मैच फिक्सिंग नहीं कर सकता
ईशांत शर्मा ने कहा कि जब उनसे पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मैं 200 फीसदी श्योर हूं कि शमी मैच फिक्सिंग नहीं कर सकता। ईशांत ने कहा कि इस बात को मैंने कागज पर भी लिखकर दिया था। ईशांत ने अपने बयान में उन लोगों से कहा था कि मुझे शमी की पर्सनल दिक्कतों के बारे में पता नहीं है, लेकिन मैं 200 फीसदी श्योर हूं कि वह मैच फिक्सिंग नहीं कर सकता है। मैं यह इसलिए कह रहा हूं क्योंकि मैं उसे बहुत अच्छी तरह से जानता हूं। बता दें कि ईशांत शर्मा और मोहम्मद शमी लंबे समय तक भारतीय टीम के लिए एक साथ खेल चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications