WCL में इंडिया चैंपियंस का मालिक है पाकिस्तानी? सामने आई हैरान करने वाली सच्चाई
India Champions Owner: वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ़ लीजेंड्स में इंडिया चैंपियंस की कप्तानी युवराज सिंह के हाथों में है और पाकिस्तान के खिलाफ तय मुकाबला नहीं हुआ था। इस मैच को रद्द कर दिया गया था। पहलगाम हमले के बाद से पाकिस्तान के साथ किसी तरह का गेम नहीं कराने की मांग उठती रही है।
संगीत उद्योग से जुड़े हर्ष तोमर ने वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ़ लीजेंड्स शुरू किया और इसके सह-मालिक मशहूर बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन है। इस बीच एक बड़ा सवाल टीमों के मालिकों को लेकर है। इसमें इंडिया चैंपियंस से जुड़े तीन मालिकों में एक को लेकर सवाल उठे हैं।

इंडिया चैंपियंस के तीन मालिक हैं, उनमें सुमंत बहल और जसपाल बहरा दोनों भारत से ताल्लुक रखते हैं लेकिन तीसरे मालिक सलमान अहमद को लेकर स्थिति साफ़ नहीं है कि वह भारतीय मूल के हैं या पाकिस्तान से जाकर इंग्लैंड में बस गए और वहां की नागरिकता हासिल कर ली। सुमंत ने कई भारतीय चैनलों को लॉन्च करने में अहम भूमिका निभाई, वहीं जसपाल यूके में जन्मे भारतीय मूल के व्यक्ति हैं, जिनको इन्वेस्टमेंट बैंकिंग में लम्बा अनुभव हैं।
कौन हैं सलमान अहमद?
तीसरे मालिक सलमान अहमद के बारे में WCL की आधिकारिक वेबसाईट पर लिखा हुआ है कि सलमान अहमद, 1987 से एक वैश्विक मनोरंजन आइकन हैं। उन्होंने 1500 से अधिक लाइव संगीत समारोहों को बढ़ावा दिया है, जिससे वह एक शीर्ष संगीत समारोह प्रमोटर के रूप में स्थापित हो गए। संगीत के अलावा, उन्होंने वैश्विक शांति और कूटनीति में भी योगदान दिया है। उन्होंने 2014 के नोबेल शांति पुरस्कार समारोह, संयुक्त राष्ट्र महासभा के लिए कार्यक्रम और बकिंघम पैलेस में किंग चार्ल्स के लिए कार्यक्रमों का आयोजन किया है।
इसके अलावा यह जानकारी भी दी गई है कि किंग चार्ल्स के ब्रिटिश एशियन ट्रस्ट के संस्थापक सदस्य और एक यूके स्थित बच्चों के चैरिटी बर्नार्डोस के उपाध्यक्ष के रूप में वह समर्पित हैं। ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के संगीत संकाय के साथ उनका जुड़ाव शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को उजागर करता है। 2022 में सलमान की पीएमई एंटरटेनमेंट ने कतर में एक बड़ा प्री-वर्ल्ड कप इवेंट आयोजित किया, जिसमें 50,000 से अधिक लोग शामिल हुए, जिसने अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनके प्रभाव को और मजबूत किया।
सलमान की कंपनी का मुख्यालय
यह जानना जरूरी है कि PME इंटरटेनमेंट सलमान की कंपनी है, जो इवेंट मैनेजमेंट का काम करती है और दुबई से संचालित होती है। इसके अलावा भी उन्होंने खेल या अन्य किसी क्षेत्र में काम किया है, तो वह यूनाइटेड किंगडम या गल्फ देशों से ही किया है। उनके लिंक्डइन अकाउंट पर भी पाकिस्तान का कोई जिक्र कहीं देखने को नहीं मिलता है।
पूरी तरह कोई पहचान उजागर नहीं
सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उनको पाकिस्तानी मूल से आने वाला ब्रिटिश नागरिक बताया लेकिन इसका कोई सबूत नहीं मिलता और इंटरनेट पर भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। खास बात यह भी है कि टीम के अन्य दो मालिकों के बारे में साफ़ तौर पर पता है कि दोनों भारतीय या भारतीय मूल के हैं लेकिन सलमान अहमद के बारे में यह जानकारी भी नहीं है। उनकी पहचान पूरी तरह से गायब दिखाई दे रही है और इसी वजह से शक होने पर लोगों ने उनको पाकिस्तानी मूल का ब्रिटिश नागरिक बताया।
वनइंडिया ने भी पड़ताल करने का प्रयास किया लेकिन उनके ऑरिजिन को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई। लिंक्डइन बायो में उन्होंने खुद को इंडिया चैंपियंस टीम का मालिक बताया है, इसके अलावा ज्यादा कुछ नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications