भारत में क्यों खेला जाता है ईरानी कप, कैसे हुई थी शुरुआत, यहां जानें हर सवाल का जवाब
Irani Cup History: ईरानी कप भारत में खेला जाने वाला एक भारतीय घरेलू टूर्नामेंट है। ईरानी कप नाम से कुछ फैंस इस टूर्नामेंट को ईरान से जोड़ते रहे हैं। लेकिन ईरानी कप का ईरान देश से कोई भी लेना देना नहीं है। ईरानी कप भारत में घरेलू खिलाड़ियों के बीच होने वाला एक पॉपुलर टूर्नामेंट है जो फैंस के बीच सुर्खियां बटोरती रही है। इस टूर्नामेंट में भारत के लिए नेशनल टीम में खेलने वाले खिलाड़ी भी हिस्सा लेते रहे हैं।
घरेलू क्रिकेट का टूर्नामेंट है ईरानी कप (Irani Cup History)
ईरानी कप भारत के घरेलू क्रिकेट का एक अहम और प्रतिष्ठित टूर्नामेंट है। यह एक फर्स्ट क्लास मैच होता है, जो हर साल रणजी ट्रॉफी जीतने वाली टीम और शेष भारत की टीम के बीच खेला जाता है। शेष भारत की टीम में देश भर के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को चुना जाता है, जो उस साल रणजी ट्रॉफी नहीं जीत पाए होते हैं। इसके बाद दोनों ही टीमों के बीच कांटे का मुकाबला देखने को मिलता है।

कब हुई थी ईरानी कप की शुरुआत
ईरानी कप की शुरुआत 1959-60 में हुई थी। इसे रणजी ट्रॉफी के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में शुरू किया गया था। इस टूर्नामेंट का नाम स्वर्गीय ज़ेड. आर. ईरानी के नाम पर रखा गया, जो 1928 से 1970 तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से जुड़े रहे। इस कप का पहला मुकाबला मार्च 1960 में दिल्ली के फिरोज शाह कोटला (अब अरुण जेटली स्टेडियम) में खेला गया था।
पहली बार किस टीम को मिली थी जीत
इस मैच में रणजी विजेता बॉम्बे (अब मुंबई) और शेष भारत की टीम आमने-सामने थीं। बॉम्बे की टीम ने इस मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली पारी की बढ़त के आधार पर जीत दर्ज की थी। ईरानी कप का मैच पांच दिनों तक चलता है और इसमें हर दिन न्यूनतम 90 ओवर गेंदबाजी करना जरूरी होता है। इसका मकसद है कि खेल में तेज़ी बनी रहे और दोनों टीमें जीत के लिए पूरा प्रयास करें।
मुंबई और शेष भारत में किसका पलड़ा रहा है भारी
यह मैच न केवल रणजी विजेता टीम के लिए एक परीक्षा होता है, बल्कि शेष भारत की टीम के लिए खुद को साबित करने का एक शानदार मौका होता है। अब तक मुंबई की टीम ने सबसे ज़्यादा बार इस टूर्नामेंट में हिस्सा लिया है और 14 बार विजेता रही है। वहीं शेष भारत की टीम ने भी 30 बार यह कप जीता है। मुंबई की टीम ने अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में साल 2024-25 का ईरानी ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था।












Click it and Unblock the Notifications