IPL Playoff Scenario: दिल्ली हुई बाहर! अब एक जगह के लिए RR, KKR और PBKS में कांटे की टक्कर, कौन मारेगा बाजी?
IPL Playoff Scenario: आईपीएल (IPL 2026) के आखिरी सुपर संडे ने नॉकआउट की रेस को बेहद रोमांचक बना दिया है। दिल्ली कैपिटल्स (DC) इस दौड़ से पूरी तरह बाहर हो चुकी है, जिसके बाद अब अंतिम चार (प्लेऑफ) के चौथे और आखिरी स्थान के लिए तीन टीमों पंजाब किंग्स (PBKS), राजस्थान रॉयल्स (RR) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच कांटे का मुकाबला है। रविवार को होने वाले डबल-हेडर (दो मैचों) के नतीजे ही तय करेंगे कि कौन सी टीम आगे बढ़ेगी।
पंजाब किंग्स (PBKS): किस्मत अब दूसरों के हाथ में (IPL Playoff Scenario)
पंजाब किंग्स ने अपने आखिरी लीग मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को 12 गेंद शेष रहते हराकर खुद को मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया है। पंजाब के सभी 14 मैच पूरे हो चुके हैं और उसके 15 अंक हैं। पंजाब का नेट रन रेट (+0.309) तीनों दावेदारों में सबसे बेहतरीन है। पंजाब को दुआ करनी होगी कि रविवार के पहले मैच में मुंबई इंडियंस (MI) की टीम राजस्थान रॉयल्स (RR) को हरा दे। अगर राजस्थान हारती है और बाद में कोलकाता भी अपना मैच बड़े अंतर से नहीं जीत पाती तो पंजाब प्लेऑफ में पहुंच जाएगा।

राजस्थान रॉयल्स (RR): खुद के हाथ में है अपनी तकदीर
रियान पराग की कप्तानी वाली राजस्थान रॉयल्स के लिए समीकरण बिल्कुल सीधा है। यदि वे रविवार के पहले मैच में मुंबई इंडियंस को वानखेड़े स्टेडियम में हरा देते हैं, तो उनके 16 अंक हो जाएंगे। इसके साथ ही वे बिना किसी अगर-मगर के चौथे स्थान पर कब्जा कर प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लेंगे। लेकिन यदि वे हारे तो टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगे।
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR): जीत के साथ चाहिए चमत्कारी रन रेट
केकेआर को ईडन गार्डन्स पर दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ना है। कोलकाता को न केवल यह मैच जीतना है, बल्कि पंजाब किंग्स के +0.309 के नेट रन रेट को पीछे छोड़ने के लिए विशाल अंतर से जीत दर्ज करनी होगी। यदि केकेआर पहले खेलते हुए 200 रन बनाती है तो उसे दिल्ली को कम से कम 77 रनों से हराना होगा। यदि केकेआर 225 रन बनाती है, तो जीत का अंतर कम से कम 76 रन और 180 रन बनाने पर जीत का अंतर 78 रन होना चाहिए।
यदि दिल्ली कैपिटल्स पहले खेलते हुए 180 रन बनाती है, तो केकेआर को यह लक्ष्य महज 12 से 12.4 ओवर्स के भीतर हासिल करना होगा। वहीं, 200 रनों के लक्ष्य को 12.1 से 12.4 ओवर्स में चेज करना होगा।















Click it and Unblock the Notifications