मैं हैरान हूं कि पंजाब किंग्स ने भारतीय खिलाड़ी को नहीं खरीदा, पूर्व क्रिकेटर का तीखा बयान
पंजाब किंग्स ने इस बार मयंक अग्रवाल को टीम से बाहर कर दिया था। इसके बाद नीलामी में भी भारत के खिलाड़ी को टीम ने खरीदना उचित नहीं समझा।

IPL Auction 2023: पंजाब किंग्स ने इस बार नीलामी से पहले कुछ खिलाड़ी रिलीज किये थे। मयंक अग्रवाल का नाम भी उनमें शामिल था। अग्रवाल पिछले सीजन टीम के कप्तान थे। इसके बाद मिनी ऑक्शन में पंजाब ने कुछ विदेशी खिलाड़ियों को टीम में लाने के लिए बिड की। टीम इंडिया से किसी खिलाड़ी को लेने का प्रयास नहीं किया गया। पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने इस पर अपनी राय देते हुए कहा है कि पंजाब को कुछ भारतीय खिलाड़ी भी लेने चाहिए थे।
अपने यूट्यूब चैनल पर नीलामी के बारे में बात करते हुए आकाश चोपड़ा ने कहा कि वे इसमें और अच्छा कर सकते थे। उनकी समस्याएँ पूरी तरह से ठीक नहीं हुई हैं। जब आपने मयंक अग्रवाल को रिलीज कर दिया है, तो किसी भारतीय बल्लेबाज के लिए बिड में जाना चाहिए था। चोपड़ा ने कहा कि यह मुझे भी पता है कि ज्यादा भारतीय विकल्प नहीं थे लेकिन मनीष पांडे उपलब्ध थे। उनके लिए जा सकते थे। आप किसी विदेशी बल्लेबाज के लिए नहीं गए। आप एक विदेशी खिलाड़ी ही रख लेते।
चोपड़ा ने यह भी कहा कि किसी भारतीय को नहीं ले पाए तो, विदेशी नाम भी थे। उनको लिया जा सकता था। उन्होंने कहा कि पंजाब में रीजा हेंड्रिक्स, राइली रूसो, रैसी वैन डर डुसेन में से किसी एक को शामिल करना चाहिए था। इनमें से किसी को नहीं लिया गया, इससे मुझे हैरानी हुई है। अब टीम में बेयरस्टो, लिविंगस्टोन, सैम करन खेलते हुए दिखेंगे। उनके अलावा कगिसो रबाडा या नाथन एलिस में से कोई एक खेलेगा।
गौरतलब है कि मयंक अग्रवाल को पंजाब ने रिलीज करते हुए धवन को कप्तान बना दिया था। इसके बाद मयंक अग्रवाल के लिए सनराइजर्स हैदराबाद ने बिडिंग की और उनको अपने साथ जोड़ लिया। मयंक अग्रवाल को हैदराबाद ने 8.25 करोड़ रूपये की बोली लगाते हुए खरीद लिया।
पंजाब किंग्स की पूरी टीम इस प्रकार है
पंजाब किंग्स की पूरी टीम- शिखर धवन (कप्तान), शाहरुख खान, जॉनी बेयरस्टो, प्रभसिमरन सिंह, भानुका राजपक्षे, जितेश शर्मा, राज बावा, ऋषि धवन, लियाम लिविंगस्टोन, अथर्व तायदे, अर्शदीप सिंह, बलतेज सिंह, नाथन एलिस, कागिसो रबाडा, राहुल चाहर , हरप्रीत बराड़, सैम करन, सिकंदर रजा, हरप्रीत भाटिया, विद्वत कावेरप्पा, मोहित राठी, शिवम सिंह।












Click it and Unblock the Notifications