IPL 2022 नीलामी में 10 करोड़ से ऊपर बिकने वाले पहले विदेशी कीपर बने निकोलस पूरन
बेंगलुरु, 12 फरवरी: आईपीएल 2022 की नीलामी में विकेटकीपरों के बिकने का दौर सबसे दिलचस्प दिखाई दे रहा है। इसी दौर में ईशान किशन को मुंबई इंडियंस ने सवा पंद्रह करोड़ रुपए में खरीद लिया। इसी दौरान कोलकाता नाइट राइडर्स के पूर्व कप्तान दिनेश कार्तिक साढ़े 5 करोड रुपए में आरसीबी के खेमे में चले गए हैं। दिनेश कार्तिक का हालिया समय काफी मुश्किल दौर से गुजर रहा था। उनको पहले केकेआर की टीम से अपनी कमान गंवानी पड़ी और फिर वे एक खिलाड़ी के तौर पर भी अपनी जगह को पक्की नहीं पा रहे थे।

विकेटकीपरों की बिक्री का दिलचस्प दौर-
आईपीएल सीजन 2022 से पहले उनको रिलीज भी कर दिया गया था और अब वे 7 साल बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की जर्सी में दिखाई देंगे। इस दौरान एक और खिलाड़ी जो देखने लायक थे वह थे वेस्टइंडीज के तूफानी विकेटकीपर बल्लेबाज निकोलस पूरन जिनका बेस प्राइस डेढ़ करोड रुपए था। जैसे कि उम्मीद थी पूरन की रकम काफी तेजी से आगे बढ़ती गई और वह देखते ही देखते 7.30 करोड़ रुपए को भी पार कर गए। कोलकाता नाइट राइडर्स ने आठ करोड़ की बोली लगाई जिसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने आगे की बोली लगाई। लेकिन केकेआर की टीम यहां पर हार नहीं मानने वाली थी और उसने 8.30 करोड रुपए की बोली लगा दी। और इसके साथ ही एसआरएच और केकेआर के बीच बिडिंग वॉर शुरू हो गया।
Recommended Video

केकेआर और एसआरएच में देखने को मिला बिडिंग वॉर-
इसका नतीजा यह हुआ कि निकोलस पूरन 9 करोड रुपए पर पहुंच गए जिसके बाद सनराइजर्स ने उनको फिर ₹25 लाख रुपए आगे बढ़ा दिया। हैदराबाद ने इस रकम को 25 लाख रुपए और आगे बढ़ा दिया और इसके बाद निकोलस पूरन आईपीएल 2020 की नीलामी के पहले विदेशी विकेटकीपर बन गए जिनकी रकम 10 करोड़ पार कर गई। दस करोड़ की बोली कोलकाता नाइट राइडर्स ने लगाई। यह रकम बढ़ते हुए 10 करोड़ पचास लाख पर पहुंच गई और हैदराबाद व कोलकाता दोनों के खेमे में गुफ्तगू का माहौल था। इतना तो तय है कि आईपीएल में तूफानी बल्लेबाजी करने वाले विकेटकीपर काफी हाई डिमांड में हैं।

सनराइजर्स हैदराबाद के खेमे में गए पूरन-
इस दौरान ईशान किशन को सवा ₹15 करोड़ में खरीद चुकी मुंबई इंडियंस चुपचाप बैठी हुई दोनों टीमों का तमाशा देख रही थी। इसके साथ ही ₹10 करोड़ 75 लाख में वेस्टइंडीज का यह तूफानी विकेटकीपर सनराइजर्स हैदराबाद के खेमे में चला गया।
निकोलस पूरन ने आईपीएल के 33 मुकाबलों में 154.99 के जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ 606 रन बनाए हैं। वे T20 इंटरनेशनल में 54 मुकाबले खेल चुके हैं और यहां उन्होंने 127.2 के स्ट्राइक रेट के साथ 25.25 के औसत से 1010 रन बनाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications