IPL 2027: क्या बढ़ेगी वैभव सूर्यवंशी की सैलरी? समझें मिनी ऑक्शन से पहले रिटेंशन के नियम
वैभव सूर्यवंशी को राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में 1.10 करोड़ रुपये में खरीदा था। इसके बाद फ्रेंचाइजी ने उन्हें आईपीएल 2026 के लिए भी इसी रकम पर रिटेन किया। यानी फिलहाल उनका सालाना कॉन्ट्रैक्ट 1.10 करोड़ रुपये का है।
वैभव ने भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू कर लिया है। इस वजह से वह अब कैप्ड खिलाड़ी की श्रेणी में आते हैं। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि अनकैप्ड से कैप्ड प्लेयर बनने के बाद वैभव की सैलरी में कोई बदलाव आएगा या नहीं?

क्या अंतरराष्ट्रीय डेब्यू के बाद बढ़ती है IPL सैलरी?
बीसीसीआई के एक विशेष नियम के तहत कुछ अनकैप्ड खिलाड़ियों की लीग फीस अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू के बाद बढ़ाई जा सकती है। यह नियम उन खिलाड़ियों के लिए है जिनकी मौजूदा लीग फीस 50 लाख रुपये से कम है। इस प्रावधान के मुताबिक अगर कोई खिलाड़ी दो आईपीएल सीजन के बीच भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करता है, तो उसकी फीस तय हो सकती है।
वैभव की मौजूदा फीस 1.10 करोड़ रुपये है। इसलिए यह विशेष प्रावधान उनकी सैलरी बढ़ाने के लिए लागू नहीं होगा। केवल कैप्ड बनने के कारण उनकी फीस 1.10 करोड़ रुपये से बढ़कर 1.50 करोड़ या दो करोड़ रुपये नहीं हो जाएगी। अगर प्लेयर और फ्रेंचाइजी के बीच अनुबंध को लेकर आपस में कुछ डील हो, तो रिटेन करते समय फीस बढ़ाई जा सकती है।
रिंकू सिंह को भी डेब्यू करने के अगले साल सैलरी में इन्क्रीमेंट नहीं मिला था। वह 55 लाख में अनकैप्ड के रूप में खेल रहे थे और कैप्ड होने के अगले साल भी इसी रकम में उनको रखा गया था। बाद में अनुबंध रिन्यू पर बात करके केकेआर ने उनकी सैलरी 55 लाख से 13 करोड़ कर दी। वैभव के साथ ऐसा हो सकता है।
मिनी ऑक्शन में कितने खिलाड़ियों को रिटेन कर सकती हैं टीमें?
आईपीएल 2027 में मिनी ऑक्शन होना है। मेगा ऑक्शन की तरह इसमें खिलाड़ियों को रिटेन करने की अधिकतम छह खिलाड़ियों की सीमा लागू नहीं होगी। टीमें अपने मौजूदा खिलाड़ियों में से कितनों को रखना चाहती हैं, इसका फैसला कर सकती हैं।
हर फ्रेंचाइजी की टीम में अधिकतम 25 खिलाड़ी हो सकते हैं। इनमें अधिकतम आठ विदेशी खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं। इसलिए टीम को नए खिलाड़ियों के लिए जगह बनाने के लिए कुछ खिलाड़ियों को रिलीज करना पड़ सकता है।
क्या राजस्थान रॉयल्स बढ़ा सकती है वैभव की सैलरी?
राजस्थान रॉयल्स के पास वैभव को उनकी मौजूदा फीस पर रिटेन करने का विकल्प है। फ्रेंचाइजी और खिलाड़ी के बीच नए समझौते के जरिए फीस में बदलाव भी संभव हो सकता है। इसके अलावा राजस्थान उन्हें रिलीज करके नीलामी में दोबारा खरीदने का रास्ता चुन सकती है। हालांकि वैभव को इस सीजन तो क्या, आने वाले कई सालों तक राजस्थान रॉयल्स नहीं छोड़ने वाली है। अगले साल तक वैभव सूर्यवंशी 17 साल के हो जाएंगे, उस समय उनके पास करोड़ों का अनुबंध होगा।
कब आएगी रिटेंशन की सूची?
आईपीएल 2027 के लिए टीमों को 15 नवंबर तक अपने रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की सूची सौंपनी है। वहीं मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर को गोवा में आयोजित होना है। ऐसे में राजस्थान रॉयल्स के फैसले पर सबकी नजर रहेगी।


Click it and Unblock the Notifications
