IPL 2026 से बाहर होने पर भी हर्षित राणा को मिलेंगे करोड़ों रुपये! KKR नहीं तो फिर कौन उठाएगा सैलरी का खर्च?
IPL 2026 Harshit Rana: आईपीएल 2026 का सीजन शुरू होने से पहले ही कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) मुश्किलों में फंस गई है। टीम के कई खिलाड़ियों के एक साथ चोटिल होने से फ्रेंचाइजी की चिंताएं बढ़ गई है। बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान की जगह टीम ने जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को अपने साथ जोड़ने का काम किया है।
चोटिल खिलाड़ियों ने बढ़ाई केकेआर की मुश्किलें (IPL 2026 Harshit Rana)
श्रीलंका के मथीश पथिराना भी चोटिल होने के कारण आईपीएल 2026 से दूर ही रहने वाले हैं। केकेआर ने मेगा ऑक्शन में भारी बोली लगाकर मथीश पथिराना को खरीदने में कामयाबी हासिल की थी। लेकिन इस सीजन चोट के कारण उनका खेलना काफी मुश्किल दिखाई दे रहा है। वहीं भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा भी आईपीएल में केकेआर के लिए खेलते हैं। लेकिन मौजूदा समय में राणा भी चोट की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं।

बाहर होने के बाद भी मिलेंगे करोड़ों रुपये
घुटने की गंभीर चोट के कारण हर्षित राणा टी-20 वर्ल्ड कप से भी बाहर हो गए थे। अब वह इस सीजन पूरे आईपीएल से भी बाहर होने के कगार पर है। इसके बावजूद हर्षित राणा को उनके 4 करोड़ रुपये के कॉन्ट्रैंक्ट की पूरी राशि मिलेगी। यह मामला भारतीय क्रिकेट में खिलाड़ियों की सुरक्षा और उनके हितों को लेकर बने कड़े नियमों को फिर से सुर्खियों में ले आया है।
BCCI की बीमा पॉलिसी से होगा फायदा
हर्षित राणा को यह चोट फरवरी 2026 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप के वॉर्म-अप मैच के दौरान लगी थी। बीसीसीआई की 2011 से लागू बीमा पॉलिसी के तहत अगर कोई सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए घायल होता है तो उसके आईपीएल सैलरी की पूरी जिम्मेदारी बोर्ड उठाता है। हर्षित राणा मौजूदा समय में BCCI के ग्रेड-सी अनुबंध में शामिल हैं।
राणा को यह चोट नेशनल ड्यूटी के दौरान लगी है, इसलिए उनकी 4 करोड़ की सैलरी का भुगतान केकेआर नहीं, बल्कि बीसीसीआई अपनी बीमा पॉलिसी के जरिए करेगा। यह नियम इसलिए बनाया गया था ताकि खिलाड़ी देश और फ्रेंचाइजी के बीच वित्तीय लाभ के कारण किसी दबाव में न आएं। मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक हर्षित के दाएं घुटने में 'लिगामेंट स्ट्रेन' और 'लेटरल मेनिस्कस टियर' हुआ था। फरवरी 2026 में उनकी सफल सर्जरी की गई है। वर्तमान में वह बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications